Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

चक्की पुल को लेकर विधायक ने किया बड़ा एलान हल्के वाहनों के लिए पुल खोले विभाग, पुल को कोई नुक्सान हुआ तो जिम्मेवारी मेरी

September 14, 2023

चक्की पुल को लेकर विधायक ने किया बड़ा एलान हल्के वाहनों के लिए पुल खोले विभाग, पुल को कोई नुक्सान हुआ तो जिम्मेवारी मेरी

नूरपुर (पंकज कौशल): दो राज्यों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण चक्की पुल को हल्के वाहनों के लिए खोलने बारे नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने एनएचएआई तथा स्थानीय प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यदि चक्की पुल को हल्के वाहनों के गुजरने से कोई नुकसान होगा तो उसकी जिम्मेवारी उनकी होगी। विधायक ने कहा कि बरसातों के चलते जुलाई माह से चक्की पुल वाहनों के लिए बंद है। प्रदेश में भारी बरसात के कारण चक्की पुल को सुरक्षा की दृष्टि से बंद किया गया था जिसके लिए लोगों ने प्रशासन व एनएचएआई का सहयोग किया था। विधायक ने कहा कि अब बरसातें बंद हो चुकी है। पिछले 3 माह से लोग हिमाचल से पठानकोट व पंजाब तथा अन्य राज्यों में आने जाने के लिए कंडवाल-भदरोया खस्ता सड़क के माध्यम से कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय कर आवाजाही कर रहे है। स्कूलों के बच्चे स्थानीय लोग जो रोजगार के सिलसिले में आते जाते है वह सब इस पुल के बंद होने से परेशान हैं । विधायक ने कहा कि अब लोगों के सब्र का बांध टूट गया है। विधायक ने कहा कि 15 सितंबर को सम्बंधित विभाग द्वारा सुबह 10 बजे चक्की पुल को छोटे हल्के वाहनों के लिए नहीं खोला गया तो वह चक्की पुल पर पहुंच कर स्थानीय जनता के साथ उनके हक में खड़े होंगे। उन्होंने कहा की भारी वाहनों की आवाजाही के लिए चक्की में वैकल्पिक रास्ता बनाया जाए। विधायक निक्का ने कहा कि सन 2007 में जब पुराना चक्की सड़क पुल टूटा था तो उस समय सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए काज वे बनाया गया था। निक्का ने कहा कि हिमाचल में अन्य राज्यो से व्यापार के लिए भारी वाहनों को कई किलोमीटर सफर तय करना पड़ रहा है जिससे प्रदेश का राजस्व भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा की यदि 2007 में चक्की खड्ड में काज वे बनाया गया था तो अब क्यों नहीं। निक्का ने सरकार से मांग की है कि चक्की खड्ड में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर भारी वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई जाए ताकि लोगो को आ रही परेशानी से छुटकारा मिल सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें