Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Moto GP भारत के जरिए यूपी की सशक्त छवि को प्रस्तुत करेगी योगी सरकार

September 21, 2023

Moto GP भारत के जरिए यूपी की सशक्त छवि को प्रस्तुत करेगी योगी सरकार

लखनऊ/नोएडा : शुक्रवार से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर होने जा रही पहली ‘मोटो जीपी भारत’ को लेकर योगी सरकार ने बड़ी तैयारी की है। इस इंटरनेशनल इवेंट को भव्य और सफल बनाने के लिए सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। इवेंट के आयोजन के साथ-साथ योगी सरकार इसके माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएं तलाशने का भी प्रयास कर रही है। इन्हीं प्रयासों के दृष्टिगत सीएम योगी शनिवार 23 सितंबर को ‘मोटो जीपी भारत’ के लिए आ रहे टॉप कंपनियों के सीईओज के साथ एक राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस (सीईओ कॉन्क्लेव) करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री इन सीईओज को उत्तर प्रदेश की समृद्धि, उभरते बाजार, इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी समेत अन्य विशेषताओं और संभावनाओं से रूबरू कराएंगे। सीएम ही नहीं, यह आयोजन स्वयं भी उत्तर प्रदेश की ब्रांडिंग का माध्यम बनेगा और प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति का स्नैपशॉट प्रस्तुत करेगा।

टू व्हीलर इंडस्ट्री को रिप्रजेंट कर रहा मोटो जीपी
भारत में पहली बार होने जा रही मोटो जीपी के लिए मेहमानों का आना शुरू हो गया है। इस इवेंट में हिस्सा ले रहे चालकों ने गुरुवार को बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर ट्रेनिंग सेशन में भी हिस्सा लिया। इस इवेंट में रेडबुल, शेल, बी-विन, बीएमडब्ल्यू, ओकले, मॉन्सटर, मोटुल, टिसॉट, रेपसॉल, पोलिनी, गो प्रो, हॉन्डा, मिशेलिन, एमेजॉन, डीएचएल व पेट्रोनॉस जैसी 275 दिग्गज कंपनियां किसी न किसी रूप में भाग ले रही हैं। इन कंपनियों के सीईओ भी इवेंट में शिरकत करने आ रहे हैं। मोटो जीपी की छवि एक ऐसे समृद्ध खेल की है, जिसे न सिर्फ बड़ी संख्या में फैंस का सपोर्ट है बल्कि दुनिया भर के बड़े ब्रांड्स भी इसे तवज्जो देते हैं। कुछ वर्षों में इस खेल ने होस्ट कंट्रीज की अर्थव्यवस्था में भी बड़ा योगदान दिया है। यह खेल टू व्हीलर्स इंडस्ट्री को रिप्रजेंट करता है और भारत व एशिया के अधिकांश हिस्सों में इसकी मजबूत स्थिति है। साथ ही मोटो जीपी ने खेल के माध्यम से रोड सेफ्टी और रोड टू मोटोजीपी कार्यक्रमों जैसे सोशल इनीशिएटिव्स से मोटरसाइकिल सेक्टर और उससे आगे के लिए सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी डेवलप करने की दिशा में जो काम किया है वह सकारात्मक बदलाव लाया है।

बड़े पैमाने पर लोगों का होगा इंगेजमेंट
इस ग्लोबल रेसिंग इवेंट में कुल मिलाकर प्रति दिन करीब 1.5 लाख लोग इंगेज होंगे। वहीं, विदेशों से 10,000 लोग इस इवेंट का हिस्सा बनने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट आएंगे। इसके अतिरिक्त, 200 देशों में इस इवेंट को टेलीकास्ट किया जाएगा और 800 से लेकर 1.80 लाख रुपए तक की प्राइस रेंज में इवेंट से जुड़े टिकट्स बिक रहे हैं। कुल 20 अलग-अलग रेसिंग इवेंट्स का आयोजन इन तीन दिनों में होगा जिसमें मेन स्पोर्टिंग इवेंट के तहत फाइनल रेस 24 सितंबर को होगी। इसमें मुख्यतः 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं और दुनिया के सभी देशों से रेसिंग इवेंट के शौकीन दर्शक नोएडा का रुख कर रहे हैं। एक आंकलन के अनुसार, इस इवेंट की टेलीकास्टिंग को पूरी दुनिया में 45 करोड़ से अधिक व्यूअरशिप मिलेगी।

ये स्टार कर रहे पार्टिसिपेट
मोटो जीपी भारत में हिस्सा लेने के लिए दो बार के चैंपियन और वर्ल्ड नंबर वन फ्रांसिस्को बागनाइया (डुकाटी), एनिया बास्तियानीनी (डुकाटी), ब्रैड बाइंडर (रेड बुल), जैक मिलर (रेड बुल), एलेक्स एसपरगारो (एप्रिला), मावेरिक्स विनालेस (एप्रिला), जोहान जारको (प्राइमा) और जॉर्ज मार्टिन (प्राइमा) समेत अन्य दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं।

ये होगा टाइम टेबल
मोटो जीपी भारत में शुक्रवार को प्रैक्टिस सेशन का आयोजन किया जाएगा जो सुबर 9.30 बजे से दोपहर 4 बजे तक अलग-अलग कैटेगरी में चलेगा। शनिवार को प्रैक्टिस सेशन के साथ ही क्वॉलीफाइंग और 12 लैप्स की मोटो जीपी टिसॉट स्प्रिंट होगी। रविवार को वॉर्म-अप के बाद तीनों कैटेगरीज (मोटो-3, मोटो-2 और मोटो जीपी) की मुख्य रेस का आयोजन होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें