Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई पुलिस ने बच्चों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, छह महिलाएं गिरफ्तार

October 3, 2023

मुंबई पुलिस ने बच्चों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, छह महिलाएं गिरफ्तार

मुंबईः मुंबई पुलिस ने बच्चों को बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है जिन्होंने यहां एक नवजात शिशु को कथित तौर पर पांच लाख रुपये में बेचा था। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्राम्बे क्षेत्र में एक फर्जी नर्सिंग होम चलाया जा रहा है और परिसर में बिना किसी दस्तावेज के एक महिला को पांच लाख रुपये में एक बच्चा बेचा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोमवार को एक जाल बिछाकर दो महिलाओं को पकड़ लिया और उनके कब्जे से एक बच्चे को बरामद किया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों ने गिरोह में शामिल चार अन्य महिलाओं के बारे में जानकारी दी जिनमें से एक फर्जी चिकित्सक है। आरोपियों में से एक महिला पर इसी तरह के अपराध के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार महिलाओं को भारतीय दंड संहिता की धारा 370 (व्यक्तियों की तस्करी) एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों, किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिसनर अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें