Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

शोपियां: लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादी ढेर

October 10, 2023

शोपियां: लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादी ढेर

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस ने बताया कि मारे गए लोगों में से एक कथित तौर पर इस साल की शुरुआत में एक कश्मीरी पंडित की हत्या के पीछे था। एटीएम गार्ड के रूप में काम करने वाले कश्मीरी पंडित संजय शर्मा की 26 फरवरी को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अचन इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने कहा, ‘‘लश्कर आतंकवादियों की पहचान मोरीफत मकबूल और जाजिम फारूक उर्फ अबरार की आज शोपियां में मुठभेड़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई और उनमें से एक आतंकवादी जाजिम फारूक उर्फ अबरार कश्मीरी पंडित दिवंगत संजय शर्मा की हत्या में शामिल था।’’ श्रीनगर स्थित रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एमके साहू ने कहा कि ऑपरेशन सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि को शुरू किया गया था।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दो अज्ञात आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एजेंसियों से खुफिया जानकारी मिलने पर, भारतीय सेना और पुलिस द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। तलाशी के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है। रात करीब एक बजे आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें दो आतंकवादी मारे गए।’’ पुलिस से मुठभेड़ स्थल से दो एके सीरीज की राइफलें, एक पिस्तौल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई।

लेफ्टिनेंट कर्नल साहू ने कहा,‘‘सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल एक बार फिर भीतरी इलाकों में आतंकवादियों के खात्मे में बहुत प्रभावी साबित हुआ है।’’ रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि गोलीबारी ने एक बार फिर आतंकवादियों को समर्थन देने और कश्मीर में शांति और विकास को बाधित करने की कोशिश करने के पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को सामने ला दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें