Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Whatsapp का एक वीडियो कॉल और हुस्न का जाल, ऐसे फंसाया जा रहा है लोगों को…आप भी रहें सावधान

October 12, 2023

Whatsapp का एक वीडियो कॉल और हुस्न का जाल, ऐसे फंसाया जा रहा है लोगों को…आप भी रहें सावधान

नेशनल डेस्क: मोबाइल और इंटरनेट ने लोगों की जिंदगी को जहां आसान बनाया है वहीं यह आजकल मुसीबत भी बनता जा रहा है। इंटरनेट के जरिए ठगी की मामले बढ़ते जा रहे हैं। साइबर क्राइम में तेजी आई है। ठग इसके जरिए कई लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं जिससे आम लोगों की मेहनत की कमाई एक झटके में उड़ा लेते हैं।

 

वहीं इंटरनेट ब्लैकमेल का जरिया भी बनता जा रहा है। सेक्सटॉर्शन भी उनमें से एक है। कई लोगों ने सेक्सटॉर्शन के चलते अपनी जान तक दे दी। ताजा मामला मुंबई का है, जहां एक रेलवे कर्मचारी ने सेक्सटॉर्शन से दुखी होकर अपनी जान दे दी है। रेलवे कर्मचारी अपने पीछे दो बच्चों और पत्नी को छोड़ गया है।

क्या है पूरा मामला

36 वर्षीय रेलवे कर्मचारी मुंबई के डोंबिवली ईस्ट में अपने परिवार के साथ रहता था, वो सेंट्रल रेलवे के माटुंगा वर्कशॉप में काम करता था। मूल रूप से वह गुजरात का था। एक दिन फेसबुक पर उसे एक अनजान लड़की ने प्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और रेलवे कर्मचारी ने इे एक्सेप्ट भी कर लिया। लड़की का नाम कोमल शर्मा बताया जा रहा है। लड़की और मृतक कर्मचारी में पहले फेसबुक पर चैट होती थी फिर दोनों मोबाइल पर बात करने लग गए। इसके बाद दोनों में व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल भी होने लगा। एक दिन लड़की ने व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल किया और दोनों का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया इसके बाद वह रेलवे कर्मचारी को ब्लैकमेल करने लग गई। लड़की ने शख्स से दो लाख रुपए की मांग की ,पीड़ित ने किसी तरह इसका जुगाड़ किया और उसे रुपए दिए। इसके बाद तो लड़की आए दिन शख्स को और ज्यादा ही ब्लैकमेल करने लग गई और फिर से रुपयों की डिमांड करने लग गई।

 

रेलवे कर्मचारी ने पैसे देने से मना किया तो कोमल शर्मा उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगी। इसी बीच मुंबई क्राइम ब्रांच के नाम पर किसी विकास सिंह की कॉल आने लगी। कोमल और विकास ने उसे इतना धमकाया कि वो डिप्रेशन में चला गया और माटुंगा रेलवे स्टेशन पर आकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन से कटने पर मौके पर ही कर्मचारी की मौत हो गई। उसने सुसाइट नोट में पूरी घटना के बारे में बताया कि कैसे उसे ब्लैकमेल किया जाता था। सभी आरोपियों के नाम और नंबर भी लिखे हैं।दादर जीआरपी ने मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पिछले दो वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुंबई में सेक्सटॉर्शन के केस में तेजी से उछाल आया है. साल 2021 में सेक्सटॉर्शन के 54 केस दर्ज हुए थे। साल 2022 में सेक्सटॉर्शन के कुल 77 केस दर्ज हुए थे। कुछ महीने पहले मुंबई के एक 71 वर्षीय व्यापारी से सेक्सटॉर्शन रैकेट चलाने वालों ने 51 लाख रुपए वसूले थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें