Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

योगी सरकार की पुलिस ने पैदल गश्त से और मजबूत की कानून व्यवस्था

October 17, 2023

योगी सरकार की पुलिस ने पैदल गश्त से और मजबूत की कानून व्यवस्था

योगी सरकार के निर्देश पर प्रदेश भर में छह माह (अप्रैल से सितंबर तक) तक चलाया गया पैदल गश्त का विशेष अभियान

लखनऊः माफिया, अपराधियों और अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही योगी सरकार की पुलिस की पैदल गश्त ने प्रदेश में शांति बनाये रखने में अहम भूमिका निभायी है। इतना ही नहीं, अभियान चलाकर पुलिस की पैदल गश्त से संदिग्धों को चिन्हित किया गया, जिनके पास से अवैध असलहे से लेकर अवैध शराब तक बरामद हुई है। पिछले छह माह (अप्रैल से लेकर सितंबर) तक पूरे प्रदेश में एसपी, एएसपी, सीओ, थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल एवं होमगार्ड ने पैदल गश्त के जरिये 38,93,386 स्थानों पर चेकिंग की, जबकि 2,09,31,904 संदिग्धों की तलाशी कर 7,86,33 मुकदमे दर्ज किए गए और 8,84,86 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 17,690 अवैध असलहे और 7,416 अवैध वाहन बरामद किये। वहीं पैदल गश्त में 9,85,186 अवैध शराब बरामद की गयी। इतना ही नहीं अभियान में 15,04,977 मनचले और शोहदों के अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी देकर छोड़ा गया जबकि 6,79,534 अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।

आठ जोन के 32 लाख से अधिक स्थानों की पुलिस गश्त बल ने की चेकिंग
डीजीपी विजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के अनुसार अपराधियों पर नकेल कसने एवं बेटियों को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस द्वारा पैदल गश्त की जाती है। इसी के तहत पिछले छह माह में दो हिस्सों जोन और कमिश्नरेट स्तर पर पैदल गश्ती का अभियान चलाया गया। प्रदेश के सभी आठ जोन में गश्त के दौरान 32,39,791 स्थानों की चेकिंग की गयी, जिसमें 1,58,71,828 संदिग्धों की तलाशी ली गयी। वहीं 72,306 मुकदमे दर्ज कर 81,270 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया। इस दौरान 16,463 अवैध शस्त्र बरामद किए गए, जबकि 6404 अवैध वाहन को जब्त किया गया। इतना ही नहीं, अभियान में 9,78,782 लीटर अवैध शराब भी पकड़ी गयी। साथ ही चौराहों, मॉल्स समेत अन्य स्थानों पर चेकिंग के समय 12,61,677 शोहदों के अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसके अलावा पुलिस गश्ती के दौरान 5,62,432 अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान आठ जोन में सबसे ज्यादा लखनऊ जोन ने कार्रवाई की है। वहीं अभियान के दौरान कार्रवाई में गोरखपुर दूसरे, वाराणसी तीसरे, बरेली चौथे और कानुपर जोन पांचवे स्थान पर है।

साढ़े छह लाख से ज्यादा स्थानों की चेकिंग कर सात हजार अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
वहीं प्रदेश के सात कमिश्नरेट में पैदल गश्त के दौरान 6,53,595 स्थानों की चेकिंग की गयी, जिसमें 50,60,076 संदिग्धों की तलाशी ली गयी। वहीं 6327 मुकदमे दर्ज कर 7216 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया। इस दौरान 1227 अवैध शस्त्र बरामद किए गए, जबकि 1012 अवैध वाहन को जब्त किया गया। इतना ही नहीं अभियान में 6404 लीटर अवैध शराब भी पकड़ी गयी। साथ ही चौराहों, मॉल्स समेत अन्य स्थानों पर चेकिंग के समय 2,43,300 शोहदों के अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसके अलावा पुलिस गश्ती के दौरान 1,17,102 अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान सात कमिश्नरेट में सबसे ज्यादा लखनऊ कमिश्नरेट ने कार्रवाई की है। वहीं अभियान के दौरान कार्रवाई में वाराणसी दूसरे, कानपुर तीसरे, आगरा चौथे और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पांचवे स्थान पर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें