Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जल्द ही एक साथ 2 WhatsApp अकाउंट कर सकेंगे लॉग इन, जानिए कैसे

October 19, 2023

जल्द ही एक साथ 2 WhatsApp अकाउंट कर सकेंगे लॉग इन, जानिए कैसे

नई दिल्लीः मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने गुरुवार को एक ही समय में दो व्हाट्सएप अकाउंट लॉग इन करने की सुविधा की घोषणा की हैं। मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने एक पोस्ट में कहा कि व्हाट्सएप यूजर्स जल्द ही एक ही समय में दो व्हाट्सएप अकाउंट में लॉग इन कर सकते हैं। उन्होंने घोषणा की, ‘‘व्हाट्सएप पर दो खातों के बीच स्विच करें। जल्द ही आप ऐप के भीतर एक फोन पर दो व्हाट्सएप अकाउंट रख सकेंगे।’’ यह सुविधा आने वाले सप्ताहों और महीनों में एंड्रॉइड यूजर्स के लिए शुरू हो जाएगी।

कंपनी ने कहा, ‘अब आपको हर बार लॉग आउट करने, दो फोन ले जाने या गलत जगह से मैसेज आने की चिंता करने की जरूरत नहीं है।‘ दूसरा खाता बनाने के लिए आपको एक दूसरे फ़ोन नंबर और सिम कार्ड, या एक ऐसे फ़ोन की आवश्यकता होगी जो मल्टी-सिम या ईसिम स्वीकार करता हो। बस अपनी व्हाट्सएप सेटिंग्स खोलें, अपने नाम के आगे वाले तीर पर क्लिक करें और ‘ऐड अकाउंट‘ पर क्लिक करें। कंपनी के अनुसार, आप प्रत्येक अकाउंट पर अपनी गोपनीयता और अधिसूचना सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकते हैं।

मेटा के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्म ने यूजर्स को सिर्फ आधिकारिक व्हाट्सएप का उपयोग करने और अपने फ़ोन पर ज्यादा अकाउंट जोड़ने के लिए नकली संस्करण डाउनलोड न करने की सलाह दी है। उसने कहा कि यूजरों के संदेश केवल आधिकारिक व्हाट्सएप का उपयोग करते समय सुरक्षित और निजी हैं। व्हाट्सएप ने इस सप्ताह की शुरुआत में सभी एंड्रॉइड यूजरों के लिए पासवर्ड-रहित पासकी सुविधा के लिए समर्थन शुरू करने की घोषणा की थी।

इस कदम से एंड्रॉइड पर व्हाट्सएप यूजरों को असुरक्षित और यहां तक कि कष्टप्रद दो-कारक एसएमएस प्रमाणीकरण को अलविदा कहने में मदद मिलेगी। कंपनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘एंड्रॉइड यूजर पासकी के साथ आसानी से और सुरक्षित रूप से लॉग इन कर सकते हैं। केवल आपका चेहरा, फिंगर पिंट्र या पिन ही आपके व्हाट्सएप अकाउंट को अनलॉक करता है।‘ कंपनी के मुताबिक, एंड्रॉइड सपोर्ट आने वाले सप्ताहों और महीनों में शुरू हो जाएगा। पासकीज़ आपके डिवाइस के स्वयं के प्रमाणीकरण तरीकों से पारंपरिक पासवर्ड को प्रतिस्थापित कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के जबलपुर में बड़ा हादसा, क्रूज डूबने से 9 लोगों की हुई मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें