Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रतापगढ़ में दहेज हत्या के दोषी पति को सात वर्ष की कैद

October 21, 2023

प्रतापगढ़ में दहेज हत्या के दोषी पति को सात वर्ष की कैद

प्रतापगढ़ः उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की एक विशेष अदालत ने करीब पांच वर्ष पहले एक नवविवाहिता की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या किये जाने के मामले में आरोपी पति को दोषी करार देते हुए सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई और जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष ने शनिवार को बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश (त्वरित अदालत) सुनीता सिंह नागौर की अदालत ने दहेज हत्या के मुकदमे की सुनवाई करते हुए जिले के हथिगंवा थाना क्षेत्र के ‘तरी का पुरवा’ निवासी एवं मृतका के पति राजू पटेल को सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई तथा 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन की ओर से मामले की पैरवी कर रहे अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के पिता रामेश्वर पटेल ने थाना हथिगवां पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी ननकाई उर्फ किरण की शादी मई 2018 में राजू पटेल के साथ हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज में गाड़ी एवं रुपये की मांग करके उसकी बेटी किरण को प्रताडित करने लगे और मांग पूरी न होने पर शादी के एक माह बाद सात जून, 2018 की रात उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति राजू पटेल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया’। अदालत ने शुक्रवार को साक्षय़ के आधार पर पति को दोषी करार देते हुए सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई एवं 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें