Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

खालिस्तान को गहलोत के समर्थन पर Rahul-Priyanka दें जवाब : Sambit Patra

October 25, 2023

खालिस्तान को गहलोत के समर्थन पर Rahul-Priyanka दें जवाब : Sambit Patra

नई दिल्लीः भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर खालिस्तान के पक्ष में बयान देने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से इस पर जवाब देने की मांग की है। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पात्र ने कहा कि जिस खालिस्तान के कारण इंदिरा गांधी की हत्या हुई, उसी खालिस्तान के पक्ष में कांग्रेस के एक सिटिंग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हम जानना चाहते हैं कि खालिस्तान के विषय में जो गहलोत सोचते हैं, क्या वही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी सोचते हैं? इसका भी जवाब आज उन्हें देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अगर कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में अपने घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा किया होता तो आज अशोक गहलोत को खालिस्तान और राहुल गांधी को हमास का समर्थन नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कई वादे किए थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पात्र ने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण अशोक गहलोत खालिस्तान और राहुल गांधी एवं कांग्रेस हमास का समर्थन कर रहे हैं। राजस्थान के भरतपुर के बयाना में ट्रैक्टर द्वारा एक युवक की हत्या को लेकर अशोक गहलोत सरकार पर कानून व्यवस्था की खराब हालात के लिए निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने प्रियंका गांधी पर भी जमकर निशाना साधा।

संबित पात्रा ने प्रियंका पर हमला करते हुए कहा कि यह केवल एक युवक की हत्या का विषय नहीं है बल्कि ये आज पूरे राजस्थान और अन्य सभी कांग्रेस शासित राज्यों का विषय है। उन्हें बताया गया है कि आज प्रियंका गांधी राजस्थान पहुंच रही है। भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि प्रियंका गांधी रैली करने से पहले आज भरतपुर के उस गांव में जाएं जहां यह हत्या हुई है, पीड़ित परिवार से मिले और इस वीभत्स हत्या के दोषियों के साथ जिम्मेदार पुलिसकर्मयिों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करके दिखाएं।

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि उनकी प्रियंका गांधी से गुजारिश है कि वो भरतपुर जाएं और वहां जाकर प्रशासन को सस्पेंड करें और गहलोत की तरफ से क्षमा याचना करें। दिल्ली में प्रदूषण को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस पर तो केजरीवाल से पूछिए जो दावा करते थे पंजाब में सरकार बनने पर दिल्ली का प्रदूषण खत्म हो जाएगा, दिल्ली स्वर्ग बन जाएगा।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा है कि हो सकता है अब केजरीवाल दिल्ली के प्रदूषण के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को जिम्मेदार बता दें। सवाल जवाब के दौर में पात्रा ने उद्धव ठाकरे को कांग्रेस ह्रदय सम्राट बताया। नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर कहा कि चोरी करेंगे तो पकड़े ही जाएंगे, जांच एजेंसी कार्रवाई तो करेगी ही। अखिलेश-कांग्रेस की लड़ाई पर कहा कि 2024 लोक सभा चुनाव से पहले ये सड़क पर लड़ते नजर आएंगे। महुआ मोइत्र मामले में एथिक्स कमेटी की जांच का हवाला देते हुए पात्रा ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें