Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

दबंगों से जमीन कराएंगे कब्जामुक्त : CM YOGI

November 4, 2023

दबंगों से जमीन कराएंगे कब्जामुक्त : CM YOGI

गोरखपुरः गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन कब्जा किए जाने से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि जमीन कब्जाने वाले दबंगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसी ही एक शिकायत लेकर पहुंची महिला को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी जमीन को कब्जामुक्त कराने के साथ ही आवास भी बनवाया जाएगा। शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में जुटे करीब 300 लोगों से मुख्यमंत्री मिले। उन्होंने मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्या निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि सबकी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। जिन्हें आवास की समस्या है, उन्हें सरकारी योजना से आवास दिलाया जाएगा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। किसी की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। भू माफिया के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने से उसके पास पक्का आवास नहीं है, साथ ही जमीन पर दबंग ने कब्जा कर लिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द जमीन कब्जा से मुक्त कराकर महिला को वापस दिलाने का आदेश दिया। सीएम योगी ने महिला से कहा, परेशान मत हों। जमीन खाली कराकर वापस तो दिलाएंगे ही, उस पर प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना से पक्का आवास भी बनवाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें