Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका की कठिन चुनौती, नजरें बर्थडे ब्वॉय कोहली पर

November 4, 2023

जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका की कठिन चुनौती, नजरें बर्थडे ब्वॉय कोहली पर
कोलकाता: लगातार सात जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम को इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के रूप में पहली कठिन चुनौती मिलने जा रही है और शीर्ष दो टीमों के बीच रविवार को ‘फाइनल से पहले फाइनल ’ माने जा रहे इस मुकाबले में ‘बर्थडे ब्वॉय’ विराट कोहली पर सभी की नजरें होंगी।करीब 65000 की दर्शक क्षमता वाले ऐतिहासिक ईडन गार्डंस पर होने वाला यह मैच भारत के लिये इस टूर्नामेंट की सबसे कठिन चुनौती है चूंकि नीदरलैंड के खिलाफ एक मैच को छोड़कर दक्षिण अफ्रीका ने छह मुकाबले जीते हैं।
लेकिन भारत ने अभी तक एक चैम्पियन की तरह खेल दिखाया है और सेमीफाइनल में प्रवेश के बाद अंतिम दोनों लीग मैच में बड़ी जीत दर्ज करके उसके इरादे नंबर एक पर बने रहने के होंगे। बल्लेबाजी में मेजबान के लिये सर्वाधिक 442 रन बना चुके कोहली वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी की कोशिश में होंगे। मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ 302 रन से मिली जीत में वह 12 रन से चूक गए थे । इसके अलावा ईडन गार्डन कप्तान रोहित शर्मा का भी पसंदीदा है जहां उन्होंने नवंबर 2014 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर 264 रन बनाया था।
गेंदबाजी की अगर बात करें तो जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी दोनों पांच से कम की इकॉनामी रेट से क्रमश: 15 और 14 विकेट ले चुके हैं। बुमराह ने जहां सभी सात मैच खेले हैं तो शमी ने तीन मैचों में ही यह कमाल करके शुरूआती मैचों में उन्हें बाहर रखे जाने के फैसले पर सवाल खड़े किये हैं। श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में मोहम्मद सिराज ने भी सात ओवर में सिर्फ 16 रन देकर तीन अहम विकेट चटकाये थे जिसकी वजह से श्रीलंकाई टीम 55 रन पर ढेर हो गई थी। स्पिनरों कुलदीप यादव (4.40 की औसत से 10 विकेट) और रविन्द्र जडेजा (3.78 की औसत से नौ विकेट) ने बीच के ओवरों में अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है।
भारतीय गेंदबाजी संयोजन ने हरफनमौला हार्दिक पंड्या की कमी नहीं खलने दी जो टखने की चोट के कारण शनिवार को विश्व कप से बाहर हो गये, उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया।। दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो उसने पुणे में पिछले मैच में न्यूजीलैंड को 190 रन से हराया और अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये बस एक जीत की जरूरत है। दक्षिण अफ्रीका के 12 अंक है और प्लस 2 . 290 का शानदार रनरेट भी है लिहाजा यहां हारने पर भी उसका अंतिम चार में रहना तय है।
अपना आखिरी विश्व कप खेल रहे क्विंटोन डिकॉक (545 रन) का फॉर्म गेंदबाजों के लिये दुस्वप्न साबित हो रहा है । दक्षिण अफ्रीका टीम पांच बार 300 से ऊपर का स्कोर बना चुकी है जिसमें एडेन मार्कराम (सात पारियों में 362 रन), रासी वान डेर डुसेन (सात पारियों में 353 रन) और हेनरिच क्लासेन (315 रन) का भी अहम योगदान रहा है। अब देखना यह होगा कि भारतीय तेज तिकड़ी दक्षिण अफ्रीका के लिये रन उगलते इन बल्लेबाजों के बल्लों की धार कैसे कुंद कर पाती है। वहीं उसका गेंदबाजी आक्रमण भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने की कूवत रखता है।
मार्को जेनसेन ने अब तक सात मैचों में सबसे ज्यादा 16 विकेट ले लिये हैं। कैगिसो रबाडा (11) और गेराल्ड कोएत्जी (14 विकेट) भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे विश्व कप में अब तक खेले गए पांच मैचों में से दक्षिण अफ्रीका ने तीन और भारत ने दो जीते हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच खेले गए 90 मैचों में से भारत ने 37 और दक्षिण अफ्रीका ने 50 जीते हैं जबकि तीन बेनतीजा रहे।
ईडन गार्डंस की पिच पारपंरिक तौर पर बल्लेबाजों की मददगार रही है लेकिन बाद में स्पिनरों को भी टर्न मिलता है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर कई इतिहास रचे हैं और इस विश्व कप में यहां एकमात्र मुकाबले में वह अपने विजय अभियान को जारी रखना चाहेगी । अगर भारत का सेमीफाइनल में सामना पाकिस्तान से होता है तो ही उसे यहां फिर खेलना होगा हालांकि इसकी संभावना नहीं के बराबर है।
टीमें :
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल, रविन्द्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, इशान किशन ,सूर्यकुमार यादव, प्रसिद्ध कृष्णा। दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एंडिले फेहलुकवायो, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन , लिजाद विलियम्स।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें