Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

फतेहाबाद में सवारियों से खचाखच भरी चलती बस में लगी भयंकर आग

November 16, 2023

फतेहाबाद में सवारियों से खचाखच भरी चलती बस में लगी भयंकर आग

सिरसा : हरियाणा के फतेहाबाद शहर के रतिया रोड पर एमएम कॉलेज के पास एक निजी बस में भयंकर आग लग गई। बस पूरी तरह सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। हालांकेकि आग लगते ही सवारियों ने बस से निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन लगभग सभी सवारियों का सामान बस में ही छूट गया जिससे वह जलकर राख हो गया। सवारियों में अधिकतर लोग मजदूरी करने वाले थे और काफी लोग छठ पूजा के लिए बिहार जा रहे थे। जानकारी के अनुसार सवारियों की एक लाख से ज्यादा की नगदी समान सहित जलकर राख हो गई। फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले ही बस आग का गोला बन गई। बाद में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार फतेहाबाद से टोहाना रूट पर चलने वाली निजी बस टोहाना से कुलां, रतिया होते हुए फतेहाबाद आ रही थी। बस में 60 से ज्यादा सवारियां थी। फतेहाबाद में रतिया ओवरब्रिज के पास आकर बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। जिसके बाद करीब एक किलोमीटर आगे एमएम कॉलेज के पास ही बस पहुंची थी कि बस में आग लग गई। जिस पर चालक ने तुरंत यहां बस रोकी और सवारियां नीचे उतरी। सवारियों को सिर्फ उतरने तक का ही समय मिला, इतने में बस बुरी तरह जलना शुरू हो गई।

रतिया से सवार होकर आई बुजुर्ग महिला मिंदो देवी ने बताया कि वह नरमा चुगाई के लिए राजस्थान के नोहर जा रही थी। पिछले कुछ दिनों से चुगे नरमा की मजदूरी करीब 25 हजार रुपये उसके पास थी। जिसमें से एक हजार रुपये किराये के लिए उसने बटुए में डाल लिए, जबकि 24 हजार रुपये बैग में थे। आग से बैग जलकर राख हो गया। उधर बिहार के छपरा निवासी कमलेश ने बताया कि वह रतिया में सब्जी का काम करता है। छठ पूजा के लिए वह परिवार सहित बिहार जा रहा था। बैग में 65 हजार रुपये की नगदी थी। जो जलकर राख हो गई। इसके अलावा अन्य सवारियों के सामान भी जले हैं, जिनमें नगदी व अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें