Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

नूंह: बारात में सनरूफ गाड़ियों की छत से बाहर निकलकर स्टंट करने वालों पर खाकी सख्त

November 28, 2023

नूंह: बारात में सनरूफ गाड़ियों की छत से बाहर निकलकर स्टंट करने वालों पर खाकी सख्त

नूंह: शादी में बारात के दौरान काफिले में शामिल सनरूफ गाड़ियों की छत से बाहर निकाल कर स्टंट दिखाने वाले स्टंटबाज युवाओं पर अब खाकी पूरी तरह से सख्त दिखाई देने लगी है। सोमवार को फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉमेडा गांव से गुजर रही एक बारात की गाड़ी में सनरूफ छत से बाहर निकल रहे युवाओं के स्टंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 18500 का चालान किया है। इतना ही नहीं इस काफिले में शामिल दूल्हे की गाड़ी का भी सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने पर 1000 रुपए का नगद चालान किया गया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह बिजारनिया के निर्देश पर खाकी अब ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले लोगों पर पूरी तरह से शिकंजा कसती हुई दिख रही है।

आज ही एक ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले डंपर चालक का 49000 रूपए का चालान काटा गया है तो अवैध माइनिंग में शामिल दो ट्रैक्टर को भी इंपाउंड किया गया है। जिस सनरूफ गाड़ी से युवा बाहर निकाल कर स्टंट कर रहे थे। उसे इंपाउंड भी किया गया है। गाड़ी एचआर 87 बी 7444 का मालिक लुकमान निवासी अखनाका बताया जा रहा है। कुल मिलाकर पिछले काफी समय से नूंह जिले में विवाह – शादियों में सनरूफ गाड़ियों की छत से बाहर निकल कर युवाओं द्वारा स्टंट दिखाकर दूसरों का ध्यान भटकाने के मामले लगातार सामने आ रहे थे।

इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाकी ने बारात की गाड़ी का चालान कर यह साफ संदेश दे दिया है कि ट्रैफिक रूल तोड़ने वाला कोई भी हो, उसे किसी सूरत में भी बक्शा नहीं जाएगा। जिस गाड़ी में बाराती स्टंट करते जा रहे थे, अब वह बारात के काफिले की बजाय फिरोजपुर झिरका थाना परिसर की शोभा बढ़ती हुई दिख रही है। गाड़ी पर फूलों के गुलदस्ते सजे हुए हैं, लेकिन बाराती कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें