Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से की मुलाकात ; जलवायु वित्त, असैन्य परमाणु सहयोग पर की चर्चा

December 2, 2023

मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से की मुलाकात ; जलवायु वित्त, असैन्य परमाणु सहयोग पर की चर्चा

दुबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की और जलवायु वित्तपोषण एवं असैन्य परमाणु सहयोग सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।

मोदी-मैक्रों की मुलाकात यहां सीओपी28 विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन से इतर हुई। भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “दोनों नेताओं ने जलवायु कार्रवाई, जलवायु वित्तपोषण, खेल, ऊर्जा, रक्षा और असैन्य परमाणु सहयोग सहित कई क्षेत्रों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।”

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दुबई में अपने अच्छे मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलकर खुशी हुई। हमारी बातचीत हमेशा की तरह सार्थक रही। मैं भारत-फ्रांस संबंधों को और मजबूत करने के उनके उत्साह की प्रशंसा करता हूं।’’

फ्रांसीसी परमाणु ऑपरेटर ‘ईडीएफ’ ने इस सप्ताह की शुरुआत में घोषणा की थी कि उसने जैतापुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र परियोजना की स्थानीय सामग्री को अधिकतम करने का अवसर तलाशने के लिए भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के साथ एक सहयोग ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) ने फ्रांसीसी कंपनी के सहयोग से महाराष्ट्र के जैतापुर में छह परमाणु ऊर्जा रिएक्टर निर्मित करने की योजना बनाई है, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 1650 मेगावाट बिजली उत्पादन करने की होगी। बीएचईएल और ईडीएफ यूरोपीय प्रेशराइज्ड रिएक्टरों के लिए भी व्यापक सहयोग के तरीके तलाशेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें