Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Viral Video : युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार

December 7, 2023

Viral Video : युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुरः उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज क्षेत्र में मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में 25 वर्षीय एक युवक को कथित तौर पर पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और युवक की मां द्वारा पुलिस को शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। बुधवार देर रात वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पेड़ से उल्टा लटका हुआ है और एक व्यक्ति उसे पीट रहा है, जबकि कुछ अन्य लोग पास में खड़े हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ओपी सिंह ने कहा कि ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बहेलिया गांव की निवासी चंद्रकली ने एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि तीन दिसंबर को उसके बेटे जयशंकर बहेलिया को चार लोग मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाते हुए अपने साथ ले गये और उसे बांधकर पीटा। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपियों में से राजेश धरिकार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। वह मूल रूप से बांदा जिले का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से मिर्जापुर में रह रहा था। उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्त की अवैध संपत्ति की पहचान की जाएगी और उसे जब्त या ध्वस्त कर दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें