Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय मूल की Saisha Hayes ने लंदन में गाया कैंसर रोगियों के लिए क्रिसमस गीत

December 9, 2023

भारतीय मूल की Saisha Hayes ने लंदन में गाया कैंसर रोगियों के लिए क्रिसमस गीत

लंदन: लंदन के प्रतिष्ठित किंग्स कॉलेज से हाल ही में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने वाली भारतीय मूल की संगीतकार, गीतकार, गायिका एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साईशा हेज ने कैंसर सर्वाइवर्स को नयाब अंदाज में जिंदगी से दोबारा जोड़ने के लिए काम करने वाले विश्व के एक मात्र गैर सरकारी संगठन ‘शाउट एट कैंसर’ के लिए शुक्रवार को क्रिसमस गीत गया जिससे निराशा में घिरे लोगों में आशा की नयी किरण दिखाई दी। संगठन के निदेशक डॉक्टर थॉमस मूर ने गहरायी में समाकर दर्द और खुशनुमा पलों को मखमली आवाज में पिरोने की साईशा की गायन कला से प्रभावित होकर उन्हें क्रिसमस गीत लिखने, संगीत देने और गाने के लिए आमंत्रित किया था।

प्रसिद्ध इडन स्क्वायर में हुए इस वार्षिक कार्यक्रम के लिए साईशा ने कैंसर सर्वाइवर्स के साथ क्रिसमस रैप गाया। साईशा ने कई दिनों तक उनको साथ-साथ गवाने का अभ्यास किया और उनसे मनोरंजन के कई कार्यक्रम करवाये। यह पहली बार था जब कैंसर सर्वाइवर्स ने रैप गीत गाया और खूब मस्ती की। यह भी पहली बार हुआ कि इन लोगों ने किसी कलाकार के साथ ऑर्जिनल म्यूजिक का लुत्फ उठाया, वर्ना, वे लोग पहले किसी भी गाने को गाकर खुश हो जाते थे।

कैंसर सर्वाइवल हेजल (65) ने साईशा की तारीफ करते हुए कहा,“मुझे कैंसर से उबरने के बाद पहली बार ऐसी खुशी मिली है। नहीं तो संगीत क्या,जीवन ही भूल गयी थी। जिंदगी में फिर उम्मीद जगाने के लिए अभारी हूं तुम्हारा साईशा।”
कार्यक्रम के बाद साईशा की तारीफ करते हुए डॉ. मूर ने कहा ,“तुमने इन लोगों के लिए बहुत ही लाजवाब कार्यक्रम तैयार किया। बहुत ही बेहतरीन तरीके से सभी कार्यक्रमों को अंजाम दिया। ये लोग तुम्हें बहुत याद करेंगे। तुम्हें अपने काम पर गौरवांवित होना चाहिए। शाबास , साईशा।”

यूनाइटेड नेशन में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारी उषा मिश्रा हेज की पुत्री साईशा ने ‘यूनीवार्ता’ से शनिवार को कहा, “मुझे आज लगा कि संगीत के माध्यम से मैं इतना बढ़िया सामाजिक कार्य कर सकती हूं। बुझी -बुझी आंखों में खुशियां का छलकना देखना मेरे लिए सबसे बड़ा क्रिसमस तोफ्हा है। मैं इस अद्भ्ज्ञुत आनंद को कभी भी नहीं भूला सकती।” बीबीसी म्यूजिक फ्यूजन टॉप 10 में रहीं साईशा (22) ने अपना पहला वीडियो अलबम ‘कम अलाइव’ भी जारी किया। उसने कहा,“‘शाउट एट कैंसर’ लैरिंजेक्टॉमी के बाद आवाज खोने वाले कैंसर रोगियों की आवाज को संगीत के माध्यम से गहन प्रशिक्षण से वापस दिलाने विशेषज्ञता वाली दुनिया की एकमात्र चैरिटी संस्था है।

ये लोग श्वास की प्रक्रिया, गायन, अभिनय और बीटबॉक्स व्यायाम से आवाज की ‘वापसी’ लिए अद्वितीय मार्ग बनाते हैं।वाल्व की सहायता से बोलने और गाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। डाॅक्टर मूर के सफल नेतृत्व में रोगी ठीक हाे रहे हैं,गा रहे हैं और जीवन के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है। मैं इस महान कार्य के यज्ञ में अपनी ओर से दी जाने वाली छोटी -सी ‘आहूति’ के लिए मौका देने के लिए डॉक्टर मूर के प्रति आभार व्यक्त करती हूं और इसे अपना सौभाग्य समझती हूं।”
संगीत की दुनिया की विश्व की सबसे बड़ी पत्रिका ‘रॉलिंग स्टोन ’ ने साईशा के इस वीडियो अलबम को न्यू म्यूजिक की सूची में शामिल किया है। वह इस बार की सूची में सबसे कम उम्र की गायिका हैं।

उन्होंने पिछले साल अपना दूसरा म्यूजिक अलबम ‘प्रोजैक पोस्टर चाइल्ड’ में नेपाल में एक लाइव शो के दौरान रिलीज किया था। उनका पहला म्यूजिक अलबम ‘इंफिनिटी इज एन इल्यूजन’ था जो वर्ष 2020 में रिलीज हुआ था। उन्होंने अपने गानों के माध्यम से आज की नौजवान पीढ़ी के ‘इनर वर्ल्ड’ का खुलासा किया है। दस वर्ष की उम्र से भावनाओं को संगीत में ढ़ालने वाली साईशा का सितंबर 2020 में एक गाना ‘वन वे टिकट ‘ रिलीज हुआ था। इसे बीबीसी ने अपने 10 शीर्ष फ़्यूज़न म्यूजिक ट्रैक्स में शामिल किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें