Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM केजरीवाल ने ईडी को दिया जवाब, कहा- समन राजनीति से प्रेरित, गैर कानूनी

December 21, 2023

CM केजरीवाल ने ईडी को दिया जवाब, कहा- समन राजनीति से प्रेरित, गैर कानूनी

नयी दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समन पर अपना जवाब भेजा है और इन समन को गैर कानूनी और राजनीति से प्रेरित बताया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केजरीवाल को ईडी ने बृहस्पतिवार को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन वह बुधवार को 10 दिवसीय विपशय़ना ध्यान सत्र के लिए चले गए। सूत्रों ने मुख्यमंत्री के जवाब का हवाला देते हुए कहा, ‘‘केजरीवाल ने ताजा समन को राजनीति से प्रेरित और गैर कानूनी बताया है। अपने जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन पारर्दिशता और ईमानदारी से गुजारा है और उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी कानूनी समन को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।’’

केजरीवाल को मंगलवार को विपशय़ना सत्र के लिए रवाना होना था, लेकिन विपक्षी गुट ‘इंडिया’ की बैठक में व्यस्त होने के कारण वह ऐसा नहीं कर सके। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल पूर्व निर्धारित ध्यान सत्र के लिए बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे निकले। आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को समन के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के वकील नोटिस का अध्ययन कर रहे हैं और ‘‘कानूनी रूप से उचित’’ कदम उठाए जाएंगे। पार्टी ने कहा कि केजरीवाल का विपशय़ना सत्र ‘‘पूर्व निर्धारित’’ था और यह जानकारी सार्वजनिक थी। आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा था, ‘‘हर कोई जानता है कि मुख्यमंत्री 19 दिसंबर को विपशय़ना के लिए जा रहे हैं। वह नियमित रूप से इस ध्यान सत्र के लिए जाते हैं। यह एक पूर्व निर्धारित और पूर्व घोषित कार्यक्रम है।’’ ईडी ने इससे पहले केजरीवाल को दो नवंबर को समन भेजा था, लेकिन नोटिस को गैर कानूनी और राजनीति से प्रेरित बताते हुए वह पूछताछ में शामिल नहीं हुए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें