Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

275 से अधिक भारतीय यात्रियों के साथ निकारागुआ का विमान फ्रांस से मुंबई पहुंचा

December 26, 2023

275 से अधिक भारतीय यात्रियों के साथ निकारागुआ का विमान फ्रांस से मुंबई पहुंचा

275 से अधिक यात्रियों को लेकर निकारागुआ का एक चार्टर्ड विमान मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचा। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। विमान में ज्यादातर भारतीय हैं जिन्हें ‘मानव तस्करी’ के संदेह में फ्रांस में चार दिनों तक हिरासत में रखा गया था। विमान को पेरिस से लगभग 150 किलोमीटर दूर एक छोटे वैट्री हवाई अड्डे पर चार दिनों तक रोक कर रखा गया था, जिसके बाद एक अंतरराष्ट्रीय राजनयिक विवाद छिड़ गया।

फुजैरा, संयुक्त अरब अमीरात से शुरू होने वाली और निकारागुआ के मानागुआ में सैंडिनो हवाई अड्डे के लिए जाने वाली इस उड़ान को कथित मानव तस्करी के बाद पिछले गुरुवार को वैट्री हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था। फ्रांसीसी पुलिस और कानूनी अधिकारियों ने जांच शुरू की और अवैध आव्रजन रैकेट में कथित संलिप्तता के लिए दो यात्रियों को हिरासत में लिया। बाद में, दो नाबालिगों सहित लगभग 25 यात्रियों ने कहा कि वे फ्रांस में शरण चाहते हैं और वहीं रहेंगे।

सोमवार को, दो बंदियों को मुक्त कर दिया गया, और एयरबस ए-340 को उड़ान भरने के लिए मंजूरी दे दी गई। ड्रामा पिछले गुरुवार को तब शुरू हुआ जब 11 नाबालिगों सहित 303 यात्री, जिनमें ज्यादातर भारतीय थे, के साथ उड़ान वैट्री हवाई अड्डे पर तकनीकी कारणों से रुकी। यहां विमान को बुनियादी इमरजेंसी सेवा दी गई। अवैध आव्रजन रैकेट के संदेह पर फ्रांसीसी अधिकारियों ने जांच की, चालक दल से पूछताछ की और दो यात्रियों को रिहाई से पहले लगभग दो दिनों तक हिरासत में रखा गया।

स्थानीय फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, इस दौरान भारतीय मिशन के अधिकारी भी यात्रियों के साथ नियमित संपर्क में थे। फ्रांसीसी पुलिस और न्यायिक अधिकारियों ने जांच पूरी करने के बाद, विमान को लगभग सोमवार 2.30 बजे उड़ान भरने की अनुमति दे दी जो मंगलवार सुबह 4 बजे मुंबई पहुंची।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें