Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bangladesh के संसदीय चुनाव में Sheikh Hasina को मिला भारी बहुमत, बनेंगी 5वीं बार प्रधान मंत्री

January 8, 2024

Bangladesh के संसदीय चुनाव में Sheikh Hasina को मिला भारी बहुमत, बनेंगी 5वीं बार प्रधान मंत्री

ढाकाः बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में प्रधान मंत्री शेख हसीना ने भारी बहुमत हासिल किया है। उनकी पार्टी अवामी लीग को लगातार चौथी बार जीत हासिल हुई है। मीडिया ने एक चुनाव अधिकारी के हवाले से यह खबर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, हिंसा से भरे चुनाव अभियान और मुख्य विपक्षी पार्टी, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के बहिष्कार के बाद, कई मीडिया रिपोटरें के अनुसार यह पुष्टि हो गई है कि हसीना की पार्टी ने 299 में से 216 सीटें जीती हैं। अधिकारी ने कहा, कि ‘सत्तारूढ़ अवामी लीग पार्टी ने 50 प्रतिशत से अधिक सीटें जीती हैं।‘ रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग द्वारा सोमवार देर रात मतदान के नतीजे पर अंतिम आधिकारिक घोषणा की उम्मीद है।

मुख्य चुनाव आयुक्त काज़ी हबीबुल अवल के अनुसार, कुल पात्र 120 मिलियन लोगों में से लगभग 40 प्रतिशत ने मतदान किया स्थानीय टीवी स्टेशनों के अनुसार, स्वतंत्र उम्मीदवारों ने 52 सीटें जीतीं, जबकि देश की तीसरी सबसे बड़ी जातीय पार्टी ने 11 सीटें जीतीं। हसीना की पार्टी बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है और गिनती अभी भी जारी है। बांग्लादेश के प्रधान मंत्री के रूप में यह उनका पांचवां कार्यकाल होगा। हसीना की सरकार ने चुनाव से पहले हजारों प्रतिद्वंद्वी राजनेताओं को गिरफ्तार कर लिया था। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व में विपक्षी बीएनपी ने चुनावों का बहिष्कार किया।

रिपोर्ट के अनुसार, भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 78 वर्षीय जिया घर में नजरबंद हैं। इस बीच प्रधान मंत्री हसीना गोपालगंज -3 निर्वाचन क्षेत्र से संसद के लिए फिर से चुनी गईं। एक रिपोर्ट के अनुसार, हसीना को 249,965 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बांग्लादेश सुप्रीम पार्टी के एम. निज़ाम उद्दीन लश्कर को सिर्फ 469 वोट मिले। हसीना 1986 के बाद से आठवीं बार गोपालगंज-3 सीट से संसद पहुंची हैं। इस जीत का मतलब यह भी है कि 76 वर्षीय हसीना देश में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली नेता बन गईं हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व वाली बीएनपी ने चुनाव परिणाम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। चुनाव की तैयारी में कम से कम 18 आगजनी की घटनाएं हुईं, इनमें शुक्रवार की रात एक ट्रेन पर हुई घटना भी शामिल है, जिसमें चार लोगों की जान चली गई। ट्रेन हमले में कथित संलिप्तता के लिए बीएनपी और उसकी युवा शाखा से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। शेख हसीना सरकार ने चुनाव का बचाव करते हुए कहा कि इसमें 27 दलों और 404 स्वतंत्र उम्मीदवारों ने भाग लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें