Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेइचिंग में चीनी और मालदीव के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता

January 10, 2024

पेइचिंग में चीनी और मालदीव के राष्ट्रपतियों के बीच वार्ता

10 जनवरी की शाम को, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पेइचिंग स्थित जन बृहद भवन में राजकीय यात्रा पर आए मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के साथ वार्ता की। इस दौरान, शी ने राष्ट्रपति मुइज्जू का स्वागत किया और कहा कि वह कई बार चीन का दौरा कर चुके हैं। वह चीन-मालदीव मित्रता को और “बेल्ट एंड रोड” के सह-निर्माण में चीन-मालदीव सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

शी चिनफिंग ने मुइज्जू को अपना पुराना मित्र बताया और कहा कि वह इस वर्ष चीन आने वाले पहले विदेशी राष्ट्रपति हैं। चीन की यह यात्रा राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद किसी विदेशी देश की मुइज्जू की पहली राजकीय यात्रा भी है। यह पूरी तरह से दर्शाता है कि चीन और मालदीव द्विपक्षीय संबंधों को विकसित करने को कितना महत्व देते हैं।

शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन और मालदीव पारंपरिक मित्रवत पड़ोसी हैं। 600 वर्ष से भी पहले, मिंग राजवंश के चीनी नाविक चंग हे ने मालदीव का दौरा किया था, और दोनों देशों की जनता ने प्राचीन समुद्री रेशम मार्ग के माध्यम से मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित किए थे। 52 साल पहले चीन और मालदीव के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से, दोनों देशों ने हमेशा एक-दूसरे का सम्मान और समर्थन किया है, जिससे बड़े और छोटे देशों के लिए एक-दूसरे के साथ समान व्यवहार करने, एक-दूसरे की मदद करने, पारस्परिक लाभ और उभय जीत हासिल करने का उदाहरण स्थापित किया गया है।

शी चिनफिंग ने याद करते हुए कहा कि साल 2014 में उन्होंने मालदीव की राजकीय यात्रा की, उस समय दोनों पक्ष चीन और मालदीव के बीच भविष्योन्मुख व्यापक मैत्रीपूर्ण सहकारी साझेदारी स्थापित करने पर सहमत हुए। पिछले 10 सालों में चीन-मालदीव संबंध गहराई से विकसित हुए हैं, और दोनों देशों ने “बेल्ट एंड रोड” के संयुक्त निर्माण और विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान व सहयोग में उपयोगी परिणाम प्राप्त किए हैं।

वार्ता में, चीनी राष्ट्रपति शी ने यह भी कहा कि नई स्थिति के तहत, चीन-मालदीव संबंध के सामने ऐतिहासिक अवसर मौजूद है। वह द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए नई योजनाएं बनाने, नई दृष्टि की रूपरेखा तैयार करने और चीन-मालदीव संबंधों को नए स्तर पर ले जाने के लिए राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें