Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

घर के बाहर लगे पिलरों से टकराई ओवरस्पीड आई 20 कार, चालक घायल

January 14, 2024

घर के बाहर लगे पिलरों से टकराई ओवरस्पीड आई 20 कार, चालक घायल

लुधियाना: हरगोबिंद नगर रोड पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार आई 20 कार अनियंत्रित होकर एक घर के बाहर पिलरों से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घर के बाहर लगे पिलर टूट गए और कार के दोनों अगले एयरबैग खुल गए। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार को नाबालिग चला रहा था, जो खन्ना से राम नगर में अपने एक रिश्तेदार के यहां लोहड़ी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया था। हादसे में कार चालक को भी गंभीर चोटें आई। आसपास के लोगों ने ही उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सी.एम.सी. रैफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर 3 के इंचार्ज मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना शनिवार शाम की है। बताया जा रहा है कि खन्ना का रहने वाला किशोर, लुधियाना के राम नगर में अपने एक रिश्तेदार के यहां लोहड़ी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया था। यहां उसने अपने रिश्तेदार से आई 20 कार की चाबी ली और कार लेकर चला गया। आसपास के लोगों का कहना है कि वह ईसा नगर की तरफ से तेज रफ्तार से कार चलाकर हरगोबिंद नगर रोड पर आ रहा था, तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई।

अनियंत्रित कार सीधे एक स्कूटी को कुचलते हुए वहां सीधा सर्वजीत कौर के घर के बाहर लगे पिलरों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिलर टूट गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार के दोनों अगले एयरबैग भी खुल गए और चालक किशोर को भी गंभीर चोट आई। लोगों ने ही उसे कार से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। हरगोबिंद नगर रोड पर शनिवार शाम हुई यह दुर्घटना वहां लगे सी.सी.टी.वी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। रिकॉर्डिंग में स्पष्ट है कि जब कार घर के बाहर पिलरों से टकराई, उस समय कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी।

इस हादसे में एक रिक्शा चालक भी बाल- बाल बच गया, जबकि वहां पेंट का काम कर रहा एक युवक भी कार की टक्कर के बाद खिड़की का शीशा टूटने से घायल हो गया। थाना डिवीजन नंबर 3 के इंचार्ज अमृतपाल सिंह का कहना है कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। जांच जारी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हादसे में घायल कार चालक की उम्र कितनी है। वैरीफाई के बाद जो बनती कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें