Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाना पाटेकर और राजपाल यादव ने CM Sukhu से की मुलाकात

January 23, 2024

नाना पाटेकर और राजपाल यादव ने CM Sukhu से की मुलाकात

शिमला (गजेंद्र): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सोमवार सायं ओक ओवर में सुप्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर और राजपाल यादव, निर्माता अनिल शर्मा तथा जर्नी फिल्म के अन्य यूनिट सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। हिमाचल अपनी समृद्ध संस्कृति, इतिहास और नयनाभिराम स्थलों के लिए विख्यात हैं। फिल्म निर्माण की दृष्टि से हिमाचल को पसंदीदा गंतव्य के रूप में विकसित करनेे के लिए सरकार ने एक व्यापक फिल्म नीति तैयार की है।

इसके तहत सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में एक फिल्म सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा जो एकल खिड़की के रूप में कार्य करेगा और इसके माध्यम से तीन कार्य दिवस के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया से सभी स्वीकृतियां व फिल्म निर्माण संबंधी अनुमतियां सुनिश्चित की जाएंगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ बेहतरीन व अधिक विकसित शूटिंग स्थल उपलब्ध करवाएगी।

राज्य सरकार फिल्म इकाइयों को प्रदेश में फिल्मों की आउटडोर शूटिंग के लिए विभिन्न भागों में स्थित हवाई पट्टियों और हेलीपेड का उपयोग प्रदान करने की अनुमति भी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कम से कम 50 प्रतिशत तक फिल्माई गई उत्कृष्ट फिल्मों के लिए सरकार वार्षिक फिल्म पुरस्कार स्थापित करने पर भी विचार कर रही है। राज्य सरकार फिल्म महोत्सवों, पुरस्कारों और अन्य गतिविधियों के आयोजन के लिए एक फिल्म विकास निधि भी गठित करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें