Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश की पहली महिला महावत सहित 34 हस्तियों को पद्मश्री

January 26, 2024

देश की पहली महिला महावत सहित 34 हस्तियों को पद्मश्री

नई दिल्ली: ‘हस्ती कन्या’ के नाम से मशहूर भारत की पहली महिला महावत पार्वती बरुआ, आदिवासी पर्यावरणविद चामी मुर्मू, मिजोरम का सबसे बड़ा अनाथालय चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्त्ता संगथंकिमा और प्लास्टिक सर्जन प्रेमा धनराज उन 34 गुमनाम नायकों में शामिल हैं जिन्हें पद्मश्री से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी सूची में दक्षिण अंडमान के जैविक किसान के. चेल्लामल, अंतर्राष्ट्रीय मल्लखंभ कोच उदय विश्वनाथ देशपांडे, प्रसिद्ध सूक्ष्म जीवविज्ञानी यजदी मानेकशा इटालिया, उखरुल के लोंगपी कुम्हार माचिहान सासा, गद्दाम सम्मैया थिएटर कलाकार चिंदु यक्षगानम (जनगांव से), भीलवाड़ा के बहरूपिया कलाकार जानकीलाल, नारायणपेट के दमरागिड्डा गांव के तीसरी पीढ़ी के बुर्रा वीणा वादक दसारी कोंडप्पा, पीतल मारोरी शिल्पकार बाबू राम यादव, छऊ मुखौटा निर्माता नेपाल चंद्र सूत्रधार, मंगन के बांस शिल्पकार जॉर्डन लेप्चा, कोयंबटूर के वल्ली ओयिल कुम्मी लोक नर्तक बदरप्पन एम, मूर्तिकार सनातन रुद्र पाल जो साबेकी दुर्गा की मूर्तियों को तैयार करने में माहिर हैं, बरगढ़ के शब्द नृत्य लोक नर्तक भगवत प्रधान, कन्नूर के थेय्यम लोक नर्तक नारायणन ईपी, मालवा क्षेत्र के माच थिएटर कलाकार ओमप्रकाश शर्मा, त्रिपुरा की चकमा लोइनलूम शॉल बुनकर स्मृति रेखा चकमा, गंजम के कृष्ण लीला गायक गोपीनाथ स्वैन, पहली महिला हरिकथा प्रतिपादक उमा माहेश्वरी डी., कल्लुवाझी कथकली नर्तक बालकृष्णन सदनम पुथिया वीटिल, टिकुली चित्रकार अशोक कुमार बिस्वास, भदु लोक गायक रतन कहार, गोदना चित्रकार शांति देवी पासवान और शिवन पासवान, चिरांग के आदिवासी किसान सरबेश्वर बसुमतारी, आदिवासी कल्याण कार्यकर्त्ता सोमन्ना, पूर्वी सियांग स्थित हर्बल चिकित्सा विशेषज्ञ यानुंग जमोह लेगो, नारायणपुर के पारंपरिक औषधीय चिकित्सक हेमचंद मांझी, सिंदरी गांव के आदिवासी पर्यावरणविद् पुरुलिया दुखु माझी, कासरगोड के चावल किसान सत्यनारायण बेलेरी, सिरसा के दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्त्ता गुरविंदर सिंह और जशपुर के आदिवासी कल्याण कार्यकर्त्ता जागेश्वर यादव भी शामिल हैं।

वैजयंती माला, वेंकैया, चिरंजीवी को पद्म विभूषण; मिथुन, ऊषा उथुप को पद्म भूषण
अभिनेत्री वैजयंतीमाला, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और तेलुगु सुपरस्टार के. चिरंजीवी को 2024 के लिए पद्म विभूषण पुरस्कार दिया जाएगा। सुलभ फाऊंडेशन के संस्थापक और अध्यक्ष बिंदेश्वर पाठक (मरणोपरांत) और कलाकार पद्मा सुब्रमण्यम को भी पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई है। सर्वोच्च न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश एम. फातिमा बीवी (मरणोपरांत), अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राम नाइक, गायिका ऊषा उथुप और तमिल अभिनेता और डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत (मरणोपरांत) समेत 22 को पद्म भूषण से सम्मानित किया जायेगा। समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर के लिए सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें