Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिलायंस के चढ़ने से शेयर बाजार में तूफानी तेजी

January 30, 2024

रिलायंस के चढ़ने से शेयर बाजार में तूफानी तेजी

मुंबई: अमेरिकी फेड रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती शुरू करने की उम्मीद, बांड यील्ड में गिरावट और चीन के बाज़ार को समर्थन देने के लिए उपाय शुरू करने के बीच स्थानीय स्तर पर रिलायंस समेत 25 दिग्गज कंपनियों के करीब सात प्रतिशत तक चढ़ने से आज शेयर बाजार ने ऊंची छलांग लगाई। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1240.90 अर्थात् 1.76 प्रतिशत की उड़ान भरकर 71 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 71,941.57 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 385 अंक यानी 1.8 प्रतिशत की छलांग लगाकर 21,737.60 अंक हो गया।

इसी तरह बीएसई का मिडकैप 1.68 प्रतिशत उछलकर 38,380.66 अंक और स्मॉलकैप 1.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 44,819.28 अंक पर पहुंच गया। बीएसई कुल 4064 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2262 में लिवाली जबकि 1659 में बिकवाली हुई वहीं 143 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 40 कंपनियों में तेजी जबकि 10 में गिरावट रही।

बीएसई में एफएमसीजी, टेक और आईटी समूह की 0.11 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर शेष 17 समूहों में तेजी का रुख़ रहा। इससे ऊर्जा 5.29, तेल एवं गैस 4.94, यूटिलिटीज 3.59, पावर 3.03, सर्विसेज 2.82, इंडस्ट्रियल्स 2.17, कैपिटल गुड्स 2.13, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.93, धातु 1.73 और कमोडिटीज समूह के शेयर 1.50 प्रतिशत चढ़ गए।


विश्व बाजार का रुख मिलाजुला रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.13, जापान का निक्केई 0.77 और हांगकांग का हैंगसेंग 0.78 प्रतिशत मजबूत रहा वहीं जर्मनी का डैक्स 0.49 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.92 प्रतिशत लुढ़क गया।

ये भी पढ़ें: शेयर बाजार आज खुलेगा या नहीं? देखें सालभर की पूरी हॉलिडे लिस्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें