Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिन जरूरतमंदों को पक्का मकान नहीं मिला, उन्हें आवास सुविधा कराई जाएगी उपलब्ध : CM Yogi

February 15, 2024

जिन जरूरतमंदों को पक्का मकान नहीं मिला, उन्हें आवास सुविधा कराई जाएगी उपलब्ध : CM Yogi

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि जिन जरूरतमंदों को अभी तक पक्का मकान नहीं मिल पाया है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के दायरे में लाकर पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बृहस्पतिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी किया। एक बयान के अनुसार, जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने जनता को आश्वस्त किया कि हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाएगा।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 500 लोगों की समस्याएं सुनीं। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। योगी ने ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी ने राजस्व व पुलिस से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई, जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और दबंग, माफिया, अपराधियों द्वारा जमीन पर कब्जा करने जैसी घटनाओं पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें