Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

AAP ने Punjab में लोकसभा अभियान, ‘संसद च वी भगवंत सिंह मान, खुशहाल पंजाब ते वधेगी शान’ शुरू किया

March 12, 2024

AAP ने Punjab में लोकसभा अभियान, ‘संसद च वी भगवंत सिंह मान, खुशहाल पंजाब ते वधेगी शान’ शुरू किया

मोहाली/जालंधर: आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में अपना लोकसभा चुनाव अभियान शुरू कर दिया है। इसका नाम ‘संसद ‘च वी भगवंत मान, खुशहाल पंजाब ते वधेगी शान’ (संसद में भी भगवंत मान, खुशहाल पंजाब और बढ़ेगी शान) रखा गया है। सोमवार को मोहाली में एक समागम के दौरान आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आधिकारिक तौर पर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसीपल बुधराम, महासचिव हरचंद सिंह बरसट, आप सरकार के सभी मंत्री, विधायक मौजूद रहे।

विभिन्न जिलों के हजारों आप कार्यकर्त्ता और अन्य पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के लोगों से आम आदमी पार्टी को राज्य की सभी 13 सीटें जीताने की अपील की और कहा कि जब राज्य के सभी सांसद हमारे होंगे तो केंद्र सरकार पंजाब का फंड नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि मुझे केंद्र सरकार और राज्यपाल से अकेले लड़ना पड़ रहा है। अगर 13 सांसद जीत जाते हैं तो हमारे हाथ और हौसले मजबूत होंगे। मान ने केजरीवाल को भरोसा दिलाया कि हम 13 की 13 सीट जीताकर आपकी झोली में डालेंगे।

मान ने भाजपा और केंद्र सरकार भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा को पता है कि वह पंजाब में जीत नहीं सकती इसलिए वह पंजाब से नफरत करती है। वे नहीं चाहते कि पंजाब तरक्की करे। वे राज्यपाल के माध्यम से हमें तंग करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह पर भी हमला बोला और कहा कि उनकी गलती की वजह से ही यह पैसा रुका हुआ है। मान ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल और अकाली नेता परमिंदर सिंह ढींडसा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग पंजाब और पंथ बचाने के लिए इकट्ठे नहीं हुए हैं।

ये परिवार बचाने को इकट्ठे हुए हैं। अब इनको पंजाब के लोग भाव नहीं देने वाले। सुखबीर बादल की पंजाब बचाओ यात्रा पर मान ने कहा कि इनकी यात्रा सिर्फकुर्सी और परिवार के लिए है। इनको देश और पंजाब से कोई लेना-देना नहीं है। केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से कहा कि हम आपसे प्यार करते हैं। मालिक मानते हैं आपको। आपका एहसान हम कभी पूरा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि उसे 370 सीटें आ रही है। उसे आपका वोट नहीं चाहिए?। पर मुझे आपका वोट चाहिए। मैं दिल्ली से यहां आपसे आपका वोट मांगने आया हूं।

उन्होंने पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि पहले पंजाब में हर जगह नैगेटिविटी थी। लॉ एंड आर्डर की समस्या थी। महंगाई बहुत थी। लोगों के बिजली के बिल बहुत आते थे। 8-10 घंटे बिजली के कट लगते थे। किसान और व्यापारी दुखी थे। इंडस्ट्रियलिस्ट राज्य छोड़कर जा रहे थे। आज पंजाब में चारों तरफ पॉजिटिविटी है। व्यापारी और उद्योगपति वापस आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत सिह मान, हमारे सभी मंत्री और विधायक 24 घंटे लोगों की सेवा में लगे हैं।

उन्होंने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि 13 की 13 सीट भगवंत सिंह मान को दे दो। ये सभी सांसद लोकसभाके अंदर और बाहर पंजाब की आवाज उठाएंगे। भगवंत सिंह मान और केजरीवाल ने सरकार के पिछले 2 सालों के कार्यों का पोस्टर जारी किया और कहा कि हमने काम किया है, काम के आधार पर वोट मांग रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें