Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP को 3 नई वंदे भारत की सौगात, CM Yogi ने जताया PM Modi का आभार

March 12, 2024

UP को 3 नई वंदे भारत की सौगात, CM Yogi ने जताया PM Modi का आभार

लखनऊः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वर्चुअली भारतीय रेलवे की 85 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ में अपने सरकारी आवास से वर्चुअली इस कार्यक्रम में शामिल हुए।सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में तीन नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने के साथ ही लखनऊ-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। पीएम मोदी ने देश को 10 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी है। इनमें पीएम ने लखनऊ-देहरादून, पटना-लखनऊ और रांची-वाराणसी के लिए भी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का एक्सटेंशन प्रयागराज तक किया गया है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का आभार जताते हुए लिखा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आज राष्ट्र के विकास को रफ्तार देती 85 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न रेल परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से सहभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने पटना-लखनऊ, लखनऊ-देहरादून, रांची-वाराणसी सहित देश के लिए 10 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुभारंभ के साथ ही गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार प्रदान किया। देश में माल परिवहन की सुगमता के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की माल गाड़ियों को हरी झंडी भी दिखाई। विकसित भारत के नवनिर्माण को विस्तार देतीं इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार।‘

पीएम द्वारा यूपी के लिए रेलवे से संबंधित शुरू की गईं इन परियोजनाओं से प्रदेश के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ने से इन स्थानों पर यात्री अब और अधिक सुविधा के साथ अपने गंतव्य पहुंच सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज विकसित भारत की दिशा में देश ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। इस कार्यक्रम में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। इसमें भी 85 हजार करोड़ रुपए से अधिक के सिर्फ रेलवे के प्रोजेक्ट देश को मिले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए केंद्र सरकार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या के साथ ही इनके रूट का भी विस्तार कर रही है। इसी क्रम में गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस अब प्रयागराज तक जाएगी। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि इस बार कुंभ का मेला होने वाला है, तो इसका और भी महत्व बढ़ जाएगा। इसके अलावा, पीएम मोदी ने अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विरासत भी और विकास भी के मंत्र को आत्मसात करते हुए आस्था से जुड़े हुए पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। आज देश में रामायण सर्कटि, गुरुकृपा सर्कटि, जैन यात्र पर भारत गौरव ट्रेनें चल रही हैं। यही नहीं, आस्था स्पेशल ट्रेनें तो देश भर से रामभक्तों को अयोध्या तक ले जा रही हैं। अब तक करीब 350 आस्था ट्रेनें चली हैं और इनके माध्यम से 4.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने श्रीराम लला के दर्शन किए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें