Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रदेशवासी आज सीना तान कर बोलता है कि वह उत्तर प्रदेश का है : CM Yogi

March 14, 2024

प्रदेशवासी आज सीना तान कर बोलता है कि वह उत्तर प्रदेश का है : CM  Yogi

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब सरकार ईमानदारी के साथ काम करती है तो धारणा पूरी तरह से बदल जाती है। उन्होंने बृहस्पतिवार को यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नये उपजिलाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों एवं अन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पिछले सात वर्षों में आपने देखा होगा कि जहां पहले प्रदेश के लोगों के सामने अपनी पहचान का संकट था, वहीं आज वे सीना तान कर कहते हैं कि वे उत्तर प्रदेश के हैं। यह सब सरकार के निर्णय के तंत्र से हुआ है।’’ एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन रोजगार के तहत अब तक साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध करायी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 39 उपजिलाधिकारियों, 41 पुलिस उपाधीक्षकों एवं 16 कोषाधिकारी-लेखाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इस दौरान नव चयनित अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किये। योगी आदित्यनाथ ने नये अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, उनके पास 30 से 35 वर्ष का समय जनता जनार्दन की सेवा करने का है। उनकी दुआएं लेने का है, ताकि अपने भविष्य को उज्जवल बना सकें। उन्होंने कहा, ‘‘ पहली बार किसी आयोग और बोर्ड ने मात्र नौ माह में चयन की प्रक्रिया पूरी की है। इसमें न किसी की सिफारिश की जरूरत पड़ी और न कोई हस्तक्षेप हुआ। साथ ही, जिन लोगों ने परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने की कोशिश की, वे उसका खामियाजा भुगत रहे हैं। उनकी संपत्ति जब्त कर ली गई, उनके घर पर छापा पड़ा। सरकार तय कर चुकी है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की कार्ययोजना का ही परिणाम है कि पिछले सात वर्षों के अंदर करोड़ों युवाओं को नौकरी और रोजगार की सुविधा प्रदेश में उपलब्ध करायी गयी है।

उन्होंने कहा, ‘‘ एक गरीब को न्याय देना हमारा दायित्व होना चाहिए। हमें गरीबों के साथ खड़े होना चाहिये।’’ उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण में पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) का अहम रोल होता है, ऐसे में उन्हें थाने जाकर वहां की एक-एक गतिविधियों को देखना होगा। उन्होंने नये अधिकारियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे ईमानदारी के साथ राज्य सरकार के कार्यों की तेजी के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने उनसे जनता-जनार्दन के हितों का ध्यान रखने और त्वरित निर्णय लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति डॉ. देवेश चतुव्रेदी, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद आदि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें