Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rajasthan Royals को Punjab Kings के खिलाफ रणनीति पर बेहतर अमल करना होगा

April 12, 2024

Rajasthan Royals को Punjab Kings के खिलाफ रणनीति पर बेहतर अमल करना होगा

मुल्लांपुर: पिछले मैच में जीत की दहलीज पर पहुंचकर हारी राजस्थान रॉयल्स को शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ रणनीति पर बेहतर अमल करना होगा क्योंकि मेजबान टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद बेहद सक्षम है। रॉयल्स के पास लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने का सुनहरा मौका था लेकिन राशिद खान की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने बुधवार को आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की।

रॉयल्स के लिये अपने गढ जयपुर में हारना किसी झटके से कम नहीं था । वे इसे भुलाकर अब जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेंगे। संजू सैमसन की कप्तानी वाली रॉयल्स के गेंदबाज कुलदीप सेन (19वां ओवर) और आवेश खान (20वां ओवर) ने 12 गेंदों के भीतर 35 रन दे डाले। सैमसन ने ट्रेंट बोल्ट से चार ओवर का कोटा पूरा नहीं कराके बड़ी चूक की जबकि बोल्ट ने दो ओवर में सिर्फ आठ रन दिये थे। दबाव के क्षणों में उनका अनुभव काफी काम आता।

दूसरी ओर शिखर धवन की कप्तानी वाली पंजाब टीम ने पांच में से दो मैच जीते और तीन गंवाये हैं। उसके धाकड़ बल्लेबाज चल नहीं पा रहे और शशांक सिंह तथा अभिषेक शर्मा जैसे गुमनाम बल्लेबाजों पर रन बनाने की सारी जिम्मेदारी आ गई है। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (पांच मैचों में 81 रन) और मध्यक्रम के बल्लेबाज जितेश शर्मा (पांच मैचों में 77 रन) अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पाये हैं जिससे टीम को अच्छी शुरूआत नहीं मिल सकी। सैम कुरेन गेंदबाजी में औसत रहे हैं और बल्ले से भी अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं कर पाये हैं ।

मध्यक्रम में टीम को चोटिल लियाम लिंविगस्टोन की कमी खल रही है। पंजाब के गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतर रहा है लेकिन पहले गेंदबाजी करने पर उन्होंने काफी रन लुटाये हैं। पिछले तीन मैचों में पंजाब के खिलाफ विरोधी टीम ने 199, 199 और 182 रन बनाये हैं जबकि कैगिसो रबाडा और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज टीम में हैं। रॉयल्स के सामने चुनौती अच्छी लय बनाये रखने की भी है क्योंकि टूर्नामेंट में आम तौर पर अच्छी शुरूआत के बाद वे लड़खड़ा जाते हैं। यही वजह है कि पिछले छह सत्र में सिर्फ दो बार प्लेआफ में पहुंच सके।

टीमें :

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नंद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, रोवमैन पॉवेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुष कोटियान।

पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, सिकंदर रजा, ऋषि धवन, लियाम लिंविगस्टोन, अथर्व टाइडे, अर्शदीप सिंह नाथन एलिस, सैम कुरेन, कैगिसो रबाडा, हरप्रीत बरार, राहुल चाहर, हरप्रीत भाटिया , विद्वथ कावेरप्पा, शिवम सिंह, हर्षल पटेल, क्रिस वोक्स, आशुतोष शर्मा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शशांक सिंह, तनय त्यागराजन,प्रिंस चौधरी और रिली रोसेयु।

समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें