Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mumbai Airport पर 8.37 करोड़ रुपए का सोना और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त, 10 लोग गिरफ्तार

May 6, 2024

Mumbai Airport पर 8.37 करोड़ रुपए का सोना और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त, 10 लोग गिरफ्तार

मुंबईः सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार दिन तक चलाए अभियान के दौरान 8.37 करोड़ रुपए मूल्य का 12.47 किलोग्राम सोना और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया और 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह अभियान यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 29 अप्रैल से दो मई तक चलाया गया। जब्त किया गया सोना विभिन्न यात्रियों ने अलग-अलग तरीकों से छिपाया हुआ था। अधिकारी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस संबंध में पांच यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने हवाई अड्डे पर अनुबंधित कर्मचारी के रूप में काम कर रहे एक भारतीय नागरिक को पकड़ा और उसे सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया। विज्ञप्ति के अनुसार, व्यक्ति की तलाशी के दौरान उसकी पानी की बोतल में 2.58 किलोग्राम सोने के आठ टुकड़े मोम के रूप में बरामद किए गए। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य मामले में दुबई से आ रहे चार भारतीय नागरिकों को रोका गया तथा शरीर में छिपाकर रखा गया 3.335 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक विमान में सीट के नीचे पाइप से 1.5 किलोग्राम वजन की सोने की 6 छड़ें भी बरामद की गईं।

सीमा शुल्क कर्मियों ने 15 अन्य भारतीय नागरिकों को भी रोका जिनमें से 10 दुबई, दो मस्कट और एक-एक अबू धाबी, बहरीन तथा जेद्दा से आ रहे थे। विज्ञप्ति में बताया गया है कि उन्होंने अपनी जींस की जेब, बैग तथा अपने शरीर में अन्य तरीकों से 5.32 किलोग्राम सोना छिपाया हुआ था। इसमें बताया गया है कि दुबई से आ रहे एक अन्य भारतीय नागरिक को भी रोका गया और उसे कीमती सामान की तस्करी करते हुए पाया गया। उसके पास से 14.21 लाख रुपए मूल्य के 9 आईफोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किए गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें