Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं: CM Yogi

May 16, 2024

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं: CM Yogi

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को दस वर्ष पहले देश के सामने पहचान और विश्वास का संकट होने का दावा करते हुए कहा कि तब हर एक व्यक्ति पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा था एवं विकास कार्य ठप हो चुके थे क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ देश और दुनिया में आतंकी घटना होने पर उसके तार आजमगढ़ से जोड़े जाते थे और उसे बदनाम किया जाता था। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद- नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है।

ये सब मोदी की गारंटी से हुआ है।’’ ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां फरिया-निजामाबाद रोड के लालगंज लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहे। योगी ने आजमगढ़ के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ और लालगंज लोकसभा प्रत्याशी नीलम सोनकर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा ,‘‘आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं।

आज आजमगढ़ वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज समेत कई जिलों से फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ जुड़ चुका है। पहले देश और दुनिया में लोग आजमगढ़ का नाम सुनते ही चौंक जाते थे। यहां के लोगों को देश और दुनिया में जाने में काफी समस्या होती थी क्योंकि वहां आजमगढ़ वासियों को होटल तो दूर धर्मशाला में भी कमरे नहीं मिलते थे।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज आजमगढ़वासियों का सम्मान बढ़ा है, उन्हें नई पहचान मिली है। यही वजह है कि पूरे देश में अबकी बार 400 पार की गूंज सुनायी दे रही है।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला विराजमान हो गये हैं। इससे हर देशवासी अभिभूत है। वह प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का इंतजार कर रहा है।’’ योगी ने कहा,‘‘ हमें भटकना और बहकना नहीं है। हमें नि:संकोच और बेङिाझक कमल खिलाने के अभियान के साथ जुड़ना है।’’ इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दारा सिंह चौहान, ओम प्रकाश राजभर, सांसद संगीता आजाद, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें