Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिन्दुस्तान को दिशा देने में Raebareli की है बड़ी भूमिका : Rahul Gandhi

May 18, 2024

हिन्दुस्तान को दिशा देने में Raebareli की है बड़ी भूमिका : Rahul Gandhi

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि हिन्दुस्तान को दिशा देने में रायबरेली की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आज उसकी भूमिका होनी चाहिए कि वह उत्तर प्रदेश को विकास का रास्ता दिखाए। कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ रहे राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ रायबरेली को लेकर आपस में बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया।

उन्होंने कहा, कि रायबरेली जाते वक्त मैं और प्रियंका कुछ देर के लिए बचपन की गलियों से भी होकर गुज़रे। बहुत सी खट्टी-मीठी यादें हैं, दादी का ज्ञान, पापा की पसंदीदा जलेबियां, प्रियंका के बनाए केक, ऐसा लगता है जैसे सब कल की ही बात हो। राहुल गांधी ने कहा, कि बचपन से हमारा राजनीति से गहरा रिश्ता रहा है, पर राजनीति कभी हमारे रिश्तों के बीच नहीं आई।

उन्होंने वीडियो में कहा, कि हिन्दुस्तान को प्रगति देने और दिशा देने में रायबरेली की एक बहुत बड़ी भूमिका है। रायबरेली वर्षों से उत्तर प्रदेश का राजनीतिक और वैचारिक केंद्र रहा है। रायबरेली ने आजादी की लड़ाई में रास्ता दिखाया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, आज रायबरेली की यह भूमिका होनी चाहिए कि वह पहले उत्तर प्रदेश को प्रगति और विकास का रास्ता दिखाए और फिर उत्तर प्रदेश हिन्दुस्तान को प्रगति और विकास का रास्ता दिखाए। रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में 20 मई को मतदान होना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें