Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana Weather : भीषण गर्मी के चलते जल संकट गहराया, आमजन हुआ परेशान

May 30, 2024

Haryana Weather : भीषण गर्मी के चलते जल संकट गहराया, आमजन हुआ परेशान

नूंह: भीषण गर्मी के चलते जल संकट गहराता जा रहा है। नूंह जिले के सैंकड़ों गांव में पीने के पानी की किल्लत मची हुई है। भीषण गर्मी की वजह से बिजली के कट भी लग रहे हैं। जिसकी वजह से पानी की समस्या और विकराल रूप धारण करती जा रही है। पारा 49 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में जिला मुख्यालय नूंह शहर से महज 8 – 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित आलदोका गांव की महिलाएं लघु सचिवालय नूंह स्थित एसडीएम कार्यालय में पहुंच गई।

महिलाओं ने एसडीएम नूंह से मुलाकात की और सारी स्थिति से अवगत कराया। विशाल एसडीएम नूंह ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों – कर्मचारियों को समस्या का समाधान करने की हिदायत दी है। आलदोका गांव की महिलाओं ने दो टूक कहा कि अगले दो दिनों में अगर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। यह तो सिर्फ बानगी भर है, ऐसे ही जिले के सैंकड़ों गांव में पानी का संकट गहरा गया है। हर घर जल देने के दावे हवा में उड़ गए हैं।

भीषण गर्मी से अधिकारियों – कर्मचारियों की सांस फूली हुई हैं। आला अधिकारियों ने टैंकरों से पानी सप्लाई की हिदायत दी हुई है, लेकिन उसका धरातल पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक इसी तरह भीषण गर्मी पड़ने का अंदेशा जताया है। अगर समय रहते इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ा नुकसान भी हो सकता है। एसडीएम विशाल नूंह ने कहा कि जल्दी ही पानी की समस्या का समाधान कराया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों – कर्मचारियों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें