Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक में पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर हरदीप पुरी का कांग्रेस पर तंज, कहा-‘खटाखट बढ़ा दी महंगाई’

June 17, 2024

कर्नाटक में पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर हरदीप पुरी का कांग्रेस पर तंज, कहा-‘खटाखट बढ़ा दी महंगाई’

नई दिल्ली: कर्नाटक में पैट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ौतरी को लेकर केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि खटाखट महंगाई बढ़ा दी। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘खटाखट’ वाले बयान की वीडियो भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर की।

हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को एक्स पर लिखा, ‘खटाखट महंगाई बढ़ा दी! हर परिवार की महिला को 8,500 रुपए प्रतिमाह देने के वादे को पूरा नहीं करने के बाद कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने राज्य में पैट्रोल और डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर अतिरक्त बोझ लोगों पर डाल दिया है। इस फैसले के बाद कर्नाटक के लोगों को खाद्य पदार्थो, कपड़ों, दवाओं और बुनियादी जरूरतों की सभी वस्तुओं के लिए अधिक भुगतान करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

क्योंकि, ईंधन की कीमतें सीधे सभी वस्तुओं की कीमतों को प्रभावित करती हैं। चुनाव समाप्त होने के ठीक बाद ऐसा फैसला कांग्रेस के पाखंड को उजागर करता है। जो महंगाई की बात करती है। लेकिन, भाजपा शासित राज्यों की तुलना में लगभग 8 से 12 रुपए प्रति लीटर अतिरिक्त वैट लगाती है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने आगे लिखा, इस बढ़ौतरी के साथ कर्नाटक में पैट्रोल अब यूपी और गुजरात दोनों भाजपा शासित सरकारों की तुलना में 8.21 रुपए प्रति लीटर महंगा है। अगर कर्नाटक की तुलना भाजपा शासित अरुणाचल प्रदेश से की जाए, जहां पार्टी मजबूती से सत्ता में वापस आई है, तो कीमतों में अंतर और भी अधिक है।

कर्नाटक में पैट्रोल की कीमतें अरुणाचल की तुलना में 12 रुपए प्रति लीटर ज्यादा है। दोनों राज्यों के बीच डीजल की कीमत में 8.59 रुपए प्रति लीटर का अंतर है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में यह काफी कम है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें