Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pakistan के स्वात में कुरान की बेअदबी के आरोप में भीड़ ने की व्यक्ति की हत्या

June 21, 2024

Pakistan के स्वात में कुरान की बेअदबी के आरोप में भीड़ ने की व्यक्ति की हत्या

पेशावर: पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में कुरान की कथित तौर पर बेअदबी से गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और इस दौरान फैली अशांति में आठ लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) जहीदुल्ला ने बताया कि पंजाब के सियालकोट के रहने वाले व्यक्ति ने बृहस्पतिवार रात को स्वात की मदयान तहसील में कुरान के कुज़्छ पन्ने कथित तौर पर जलाये थे।

जहीदुल्ला ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में लेकर मदयान थाने लाया गया। थाने के बाहर भीड़ जमा हो गयी और उन्होंने संदिग्ध को सौंपने की मांग की, जब पुलिस ने ऐसा करने से मना कर दिया तो भीड़ में से किसी ने गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मदयान अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने उसके बाद थाने में आग लगा दी। बाद में कुछ लोग थाने में घुसे और संदिग्ध को गोली मार दी।

उन्होंने बताया कि गोली मारने के बाद वे संदिग्ध के शव को घसीटकर मदयान अड्डा ले गये और उसे वहां लटका दिया।अधिकारी ने बताया कि घटना के कारण भड़की हिंसा में आठ लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मदयान में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री केपीके अली अमीन गंदापुर ने घटना पर संज्ञान लिया है और प्रांतीय पुलिस प्रमुख से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन कदम उठाने का निर्देश दिया और लोगों से शांत रहने का आग्रह किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें