Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतर्राष्ट्रीय T-20 रैंकिंग में हरमनप्रीत 12वें और शेफाली 15वें स्थान पर

July 17, 2024

अंतर्राष्ट्रीय T-20 रैंकिंग में हरमनप्रीत 12वें और शेफाली 15वें स्थान पर

दुबई: भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल में समाप्त हुई श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी टी-20 रैंकिंग में क्रमश: 12वें और 15वें स्थान पर पहुंच गई हैं। हरमनप्रीत 3 पायदान आगे बढ़ी हैं। उनके कुल 613 रेटिंग अंक हैं। शेफाली को 2 स्थान का फायदा हुआ है। वह न्यूजीलैंड की अमेलिया केर और इंगलैंड की डैनी वायट के साथ 15वें स्थान पर हैं। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 5वें स्थान पर बनी हुई हैं और वह भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष पर काबिज हैं। गेंदबाजों की सूची में अनुभवी दीप्ति शर्मा तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। राधा यादव 8 पायदान चढ़कर 15वें, पूजा वाकर 6 पायदान ऊपर 23वें और श्रेयंका पाटिल 9 पायदान ऊपर चढ़कर 60वें स्थान पर पहुंच गईं हैं। इंगलैंड की स्पिनर सारा ग्लेन ने 768 अंकों के साथ अपने करियर की नई सर्वोच्च रेटिंग हासिल की है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी-20 अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के 4 मैचों में 8 विकेट चटकाए हैं। वह पहले की तरह दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। उनकी साथी सोफी एक्लेस्टोन शीर्ष पर काबिज हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें