Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

जयपुर : मकान के ‘बेसमेंट’ में बारिश का पानी भरने से तीन लोगों की मौत

August 1, 2024

जयपुर : मकान के ‘बेसमेंट’ में बारिश का पानी भरने से तीन लोगों की मौत

जयपुर। राजस्थान के जयपुर शहर में एक मकान के ‘बेसमेंट’ में बारिश का पानी भर जाने के कारण तीन लोगों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कई घंटों तक चले बचाव अभियान के बाद शवों को बरामद किया गया। पुलिस उपायुक्त(पश्चिम) अमित कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के एक मकान के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने के कारण एक पुरुष, एक महिला और उसकी भतीजी डूब गई। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सड़क पर जमा बारिश के पानी के दबाव के कारण मकान की एक दीवार गिर गई और पानी बेसमेंट में घुस गया और तीन लोग फंस गए। उन्होंने बताया कि बेसमेंट में पानी घुसने के बाद परिवार के सदस्यों ने वहां से सामान निकालना शुरू कर दिया।

इस दौरान दो परिवारों के तीन लोग फंस गए और बेसमेंट पूरी तरह पानी से भर गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और पानी निकालने के लिए ‘पंप’ लगाए गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम द्वारा एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग लड़की के शव बाहर निकाले जाने के बाद अभियान समाप्त हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कमल, पूजा और पूर्वी (नाबालिग) के रूप में हुई है।

पूजा और पूर्वी एक परिवार से हैं जबकि कमल दूसरे परिवार से है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस ने बताया कि बेसमेंट तक जाने वाला रास्ता संकरा था और गहरा था। इलाके में ऐसे कई और घर हैं और निवासियों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के दौरान बेसमेंट में न रहें। वहीं दूसरी ओर, बीती रात से शुरू हुई भारी बारिश और सुबह तक जारी रहने के कारण राजधानी के अधिकांश इलाकों में जलभराव हो गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें