Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल और सरकारी बस की भीषण टक्कर, छात्रों के कटे पैर…बस चकनाचूर, शीशे तोड़कर बाहर निकाले बच्चे, मच गई चीख-पुकार

September 5, 2024

स्कूल और सरकारी बस की भीषण टक्कर, छात्रों के कटे पैर…बस चकनाचूर, शीशे तोड़कर बाहर निकाले बच्चे, मच गई चीख-पुकार

रायचूर : कर्नाटक के रायचूर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 छात्रों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायल छात्रों में 3 के पैर कट गए हैं। हादसा सुबह 9:30 से 10:00 बजे के बीच एक स्कूल बस के कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस से टकराने से हुई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना केएसआरटीसी बस चालक की लापरवाही के कारण हुई है। उसकी रफ्तार बहुत तेज थी। हादसे के वक्त स्कूल बस में कुल 40 छात्र सवार थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे में 2 छात्रों की मौत हो गई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि 3 छात्रों के पैर कट गए और अन्य छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी घायल बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है।

हादसे के बाद की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें स्कूल बस की हालत देखकर दिल दहल जाता है। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि स्कूल बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बस के शीशे तोड़कर फंसे हुए बच्चों को बाहर निकाला। 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

स्कूल बस में टक्कर मारने के बाद सरकारी बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें, इससे पहले जून में हावेरी जिले में एक मिनी बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। उस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वाले सभी लोग शिवमोग्गा के रहने वाले थे और देवी यल्लम्मा के दर्शन के बाद सवादत्ती से लौट रहे थे। इस हादसे को लेकर पुलिस ने दावा किया था कि ड्राइवर को नींद आ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर फरार हो गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें