Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिण दिल्ली के कार शोरूम में भीषण आग, 7 लोग घायल; 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

November 6, 2026

दक्षिण दिल्ली के कार शोरूम में भीषण आग, 7 लोग घायल; 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में शुक्रवार को किया कार के एक शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे कई वाहन जलकर खाक हो गए। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, जबकि करीब 12 से 15 लोगों को बचाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आग पर काबू पा लिया गया, खोजबीन अभियान जारी

उप जिलाधिकारी लक्ष्य सिंघल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और इमारत के अंदर खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई और व्यक्ति फंसा है या हताहत हुआ है। सिंघल ने कहा, “दोपहर करीब तीन बजकर 45 मिनट पर हमें सूचना मिली कि मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित किया के शोरूम में आग लग गई है। इसके तुरंत बाद अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियों को मौके पर भेजा गया। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और थाना प्रभारी (एसएचओ) भी घटनास्थल पर पहुंचे।”

उन्होंने बताया कि इस घटना में सात लोग घायल हुए, जिनमें से चार को मैक्स अस्पताल और तीन को मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिंघल ने बताया कि इमारत से करीब 12 से 15 लोगों को बचाया गया। ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए आसपास की इमारतों के सहारे सीढ़ियां लगाई गईं। स्थानीय निवासियों ने भी बचाव अभियान में मदद की। उन्होंने कहा, “फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं है। किसी के हताहत होने की आशंका को खारिज करने के लिए इमारत की तलाशी ली जा रही है।”

दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीमें तैनात

उन्होंने बताया कि इस अभियान में अग्निशमन विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एम्बुलेंस सेवाओं और केंद्रीय दुर्घटना एवं आघात सेवा (कैट्स) की टीमें शामिल थीं। दिल्ली अग्निशमन सेवा को शाम करीब तीन बजकर 47 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद शुरुआत में दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पाने के लिए दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीमें तैनात की गईं।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया

शोरूम से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जो आसमान में काफी ऊंचाई तक फैल गया और दूर से भी नजर आ रहा था। आग पूरे परिसर में फैलने के कारण शोरूम के अंदर खड़ी कई कारें इसकी लपटों में घिर गईं। घटना के बाद शोरूम के पास भीड़ जमा हो गई और कई राहगीर आग की घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करने के लिए रुक गए। पास की सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने तमाशबीनों को वहां से हटाया और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुगम बनाई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें