Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Hockey Championship : भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया, अब फाइनल में चीन से होगा मुकाबला

September 17, 2024

Asian Hockey Championship : भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया, अब फाइनल में चीन से होगा मुकाबला

भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम बनाम कोरिया राष्ट्रीय राष्ट्रीय हॉकी टीम एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ा था। जिसमे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से गत चैंपियन भारत ने सोमवार को यहां दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया।

भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (19वें और 45वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि उत्तम सिंह (13वें मिनट) और जरमनप्रीत सिंह (32वें मिनट) ने एक-एक गोल किया. कोरिया की तरफ से एकमात्र गोल यैंग जिहुन (33वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया। भारत मंगलवार को होने वाले फाइनल में मेजबान चीन से भिड़ेगा. भारत ने लीग चरण के मैच में चीन को 3-0 से हराया था। इससे पहले चीन ने दिन के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को शूटआउट के जरिए 2-0 से हराया था. निर्धारित समय के बाद दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थीं।

तीसरे स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में पाकिस्तान और कोरिया की टीम आमने सामने होंगी। यह मैच भी मंगलवार को ही खेला जाएगा. इस बीच पांचवें-छठे स्थान के क्लासिफिकेशन मैच में जापान ने निर्धारित समय में 4-4 से बराबरी के बाद शूटआउट में मलेशिया को 4-2 से हराया। उम्मीद के मुताबिक भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया और कोरिया के डिफेंस को लगातार दबाव में रखा। दूसरी तरफ कोरिया ने डिफेंस पर ध्यान दिया और बीच-बीच में पलटवार करने की रणनीति अपनाई।

अभिषेक चौथे ही मिनट में भारत को बढ़त दिलाने के करीब पहुंचे लेकिन रिवर्स हिट से लगाए उनके शॉट को कोरिया के गोलकीपर किम जेइहेन ने रोक दिया। भारतीय टीम पहले क्वार्टर में लगातार कोरिया के सर्कल को भेदने में सफल रही जिसका फायदा टीम को 13वें मिनट में मिला जब उत्तम ने दाएं छोर से अराइजीत सिंह हुंडाल के पास पर गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में कोरिया में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम इनका फायदा नहीं उठा सकी।

दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर कप्तान हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट का अपना छठा गोल दागते हुए टीम को 2-0 से आगे कर दिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-0 से आगे थी। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत ने स्कोर 3-0 कर दिया जब सुमित ने स्कूप करके बाएं छोर पर जरमनप्रीत को पास दिया और उन्होंने इसे गोल में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर जिहुन ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके कोरिया का खाता खोला।

तीसरे क्वार्टर में जब सिर्फ एक सेकेंड बचा था तब भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जब कोरिया के गोलकीपर जेइहेन को सर्कल के बाहर गेंद को हाथ से रोकने के लिए पीला कार्ड दिखाया गया. हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 4-1 से आगे किया. चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत के गोलकीपर सूरज करकेरा पार्क चियोलियोन के दो प्रयासों को नाकाम किया। कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला लेकिन टीम इस पर भी गोल करने में नाकाम रही और भारत ने छठी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें