Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

तूफान ‘यागी’ का कहर, Vietnam की मदद के लिए UN ने जारी किए 2 मिलियन डॉलर

September 21, 2024

तूफान ‘यागी’ का कहर, Vietnam की मदद के लिए UN ने जारी किए 2 मिलियन डॉलर

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र ने वियतनाम में तूफान ‘यागी’ से हुई व्यापक तबाही से निपटने के लिए 20 लाख डॉलर की धनराशि जारी की। तूफान की वजह से देश में अब तक 290 लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने शुक्रवार को कहा, ‘राष्ट्रीय प्राधिकारियों ने 290 से अधिक लोगों की मृत्यु, 237,000 घरों के क्षतिग्रस्त होने और 30 लाख लोगों के प्रभावित होने की रिपोर्ट दी है।‘

रिपोर्ट के मुताबिक, ओसीएचए ने कहा कि एक्टिंग यूएन इमरजेंसी रिलीफ कोऑर्डनिेटर जॉयस मसूया ने सरकार की मदद के लिए यूएन सेंट्रल इमरजेंसी रिस्पॉन्स फंड (सीईआरएफ) से 2 मिलियन डॉलर की धनराशि आवंटित की है।

कार्यालय ने कहा, ‘यह धनराशि अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम और यूनिसेफ (संयुक्त राष्ट्र बाल कोष) को दी जाएगी, ताकि सबसे अधिक प्रभावित प्रांतों येन बाई और लाओ काई में तत्काल जीवन-रक्षक जरुरतों को पूरा किया जा सके।‘

तूफान ‘यागी’ ने दो सप्ताह पहले उत्तरी वियतनाम में दस्तक दी थी। यह 7 सितंबर की सुबह राजधानी हनोई के पास से गुजरा था। वियतनाम में तूफान ‘यागी’ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। ऐसा माना जा रहा है कि इसकी वजह से देश की अर्थव्यवस्था भी सुस्त पड़ सकती है। तूफान के प्रभाव के कारण 2024 में वियतनाम की आर्थकि वृद्धि पिछले अनुमान की तुलना में 0.15 प्रतिशत कम रह सकती है।

स्थानीय मीडिया ने सोमवार को योजना एवं निवेश मंत्री गुयेन ची डुंग के हवाले से बताया कि तूफान ‘यागी’ के कारण अर्थव्यवस्था में इस साल 6.8 से सात प्रतिशत तक की वृद्धि के अनुमान की तुलना में 0.15 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।

मंत्रालय के अनुसार, तूफान ‘यागी’ की वजह से अब तक 40 ट्रिलियन वियतनामी डोंग (लगभग 1.6 अरब अमेरिकी डॉलर) का अनुमानित नुकसान हुआ है।तूफान ने जिन इलाकों को प्रभावित किया उनमें देश की अर्थव्यवस्था का 41 प्रतिशत और जनसंख्या का 40 प्रतिशत हिस्सा आता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें