Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बादल फटने से मची तबाही…National Highway सहित 26 सड़कें बंद, स्कूलाें में छुट्टी का किया ऐलान, एक व्यक्ति की हुई मौत 

September 26, 2024

बादल फटने से मची तबाही…National Highway सहित 26 सड़कें बंद, स्कूलाें में छुट्टी का किया ऐलान, एक व्यक्ति की हुई मौत 
शिमला : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बादल फटने के कारण भारी बारिश की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं खराब मौसम के कारण जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 26 सड़कें बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बुधवार शाम को करीब 50 सड़कें बंद कर दी गईं, जिससे राज्य में बंद सड़कों की कुल संख्या 71 हो गई। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-707 भी शामिल है। सिरमौर के उपायुक्त सुमित खिमटा ने बृहस्पतिवार को बताया कि परलोनी गांव में बादल फट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि जिले के पांवटा उपमंडल के अंबोया क्षेत्र में एक ‘घराट’ गिर जाने से कुछ दुकानों और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा।
मृतक की पहचान रंगी के रूप में हुई है, जो मलबे के नीचे दब गया था। अधिकारी ने बताया कि कुछ सड़कें बाधित हैं और यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि जिले के पांवटा साहिब और शलाई इलाकों में एक दिन के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सिरमौर जिले का धौलाकुआं राज्य में सबसे अधिक बारिश वाला स्थान रहा, जहां 275 मिमी बारिश हुई। इसके बाद पांवटा साहिब में 165.6 मिमी, नाहन में 94.4 मिमी, धर्मशाला में 54 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 43.2 मिमी, मंडी में 42.2 मिमी, पालमपुर में 39 मिमी, कांगड़ा में 38.3 मिमी और देहरा गोपीपुर में 38 मिमी बारिश हुई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, सिरमौर में सबसे अधिक 26 सड़कें बंद हैं, जबकि मंडी में 24, कांगड़ा में दस, शिमला में नौ और कुल्लू जिले में दो सड़कें बंद हैं, जबकि 469 बिजली आपूíत योजनाएं प्रभावित हुई हैं। शिमला और हमीरपुर जिलों सहित कई इलाकों में बारिश और अनियमित बिजली आपूर्ति की खबरें हैं। स्थानीय मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया। स्थानीय मौसम कार्यालय ने शुक्रवार तक शिमला, सिरमौर कांगड़ा, चंबा, सोलन, कुल्लू और मंडी सहित 12 जिलों में से सात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बाढ़ के खतरे की भी चेतावनी दी।
मौसम कार्यालय ने बुधवार को कहा कि मौजूदा मानसून अवधि (1 जून से) में बारिश की कमी 19 फीसदी है। इस अवधि के दौरान हिमाचल प्रदेश में 590.4 मिमी बारिश हुई जबकि सामान्य बारिश 729.5 मिमी है। अधिकारियों ने कहा कि मानसून की शुरुआत से बुधवार शाम तक वर्षा जनित घटनाओं में 183 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 28 लापता हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को 1,332 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें