Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्म ‘शाहकोट’ के विरोध पर बोले Guru Randhawa, पहले भी बनती रही हैं ऐसी फिल्में

October 1, 2024

फिल्म ‘शाहकोट’ के विरोध पर बोले Guru Randhawa, पहले भी बनती रही हैं ऐसी फिल्में

नई दिल्ली: सिंगर और एक्टर गुरु रंधावा की बहुचर्चित फिल्म शाहकोट का ट्रेलर रविवार को रिलीज होने के बाद से कई जगह इसका पुरजोर विरोध देखने को मिला। इसको लेकर गुरु रंधावा ने आईएएनएस से खास बातचीत की। एक्टर एवं सिंगर गुरु रंधावा ने आईएएनएस को बताया कि अगर हम सिनेमा को सपोर्ट करेंगे, तो सिनेमा बड़ा होगा। बड़े दिल से मैंने यह पंजाबी फिल्म की है और शाहकोट मेरी पहली पंजाबी फिल्म है। सभी लोगों से अपील कर रहा हूं कि वे फिल्म देखकर हमें सपोर्ट करें ताकि आगे आने वाले समय में हम और भी अच्छी फिल्में बना सकें।

कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म पाकिस्तान का पक्ष लेती है। इस पर गुरु रंधावा ने कहा कि बिना पूरी चीज देखे कुछ लोग राय कायम कर लेते हैं। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि उन्होंने ट्रेलर में क्या देखा कि विरोध को बढ़ावा दे रहे हैं। लेकिन फिल्म में विरोध करने लायक कुछ नहीं है। यह बहुत ही प्यार-मोहब्बत वाली फिल्म है। पहले भी ऐसी फिल्में बनती रही हैं और आगे भी बनती रहेंगी। जो लोग विरोध कर रहे हैं, फिल्म देखने के बाद उनका वहम दूर हो जाएगा।

बता दें कि गुरु रंधावा की फिल्म शाहकोट 4 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का किरदार शाहकोट से पाकिस्तान जाता है, जहां पाकिस्तान में रहने वाली एक लड़की से उसे प्यार हो जाता है। मूवी में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का पक्ष लेने को लेकर काफी विवाद हो रहा है। हाल ही में, शिवसेना की पंजाब इकाई ने इस फिल्म के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर जलाए थे और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए थे। फिल्म में गुरु रंधावा के साथ ईशा तलवार, राज बब्बर, गुरशब्द हरदीप गिल, सीमा कौशल, नेहा दयाल और मनप्रीत सिंह भी हैं। अनिरुद्ध मोहता द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें