Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

मानसून में विषम मौसमी परिस्थितियों ने ली 1500 लोगों की जान

October 2, 2024

मानसून में विषम मौसमी परिस्थितियों ने ली 1500 लोगों की जान

नई दिल्ली: भारत में वर्ष 2024 के मानसून मौसम के दौरान विषम मौसमी परिस्थितियों में कुल 1,492 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा संकलित आंकड़ों से मिली। आंकड़ों से पता चला है कि मानसून के मौसम में बाढ़ और वर्षाजनित घटनाओं के कारण 895 लोगों की जान चली गई, जबकि आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 597 लोगों की मौत हो गई। आईएमडी ने बताया कि देश में 2024 के मानसून के दौरान 525 भारी वर्षा की घटनाएं (115.6 मिलीमीटर और 204.5 मिलीमीटर के बीच वर्षा) हुईं जो पिछले 5 वर्षों में सबसे अधिक हैं और अत्यंत भारी वर्षा की घटनाएं (204.5 मिलीमीटर से अधिक) 96 रही। आंकड़ों के अनुसार, गर्मी के मौसम के शुरुआती दिनों में झारखंड में 13 और राजस्थान में 4 लोगों की लू के चलते मौत हो गई। केरल में 30 जुलाई को पारिस्थितिकी रूप से नाजुक वायनाड जिले में विनाशकारी भूस्खलन हुआ तथा राज्य में बाढ़ और भारी बारिश के कारण 397 लोगों की मौत हुई। असम और मध्य प्रदेश में बाढ़ और भारी बारिश के कारण क्रमश: 102 और 100 मौतें हुईं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाढ़ और भारी बारिश के कारण 13 लोगों की मौत हुई। आंकड़े से यह भी पता चला कि मध्य प्रदेश में आंधी और बिजली गिरने से सबसे अधिक मौत (189) हुईं, उसके बाद उत्तर प्रदेश (138), बिहार (61) और झारखंड (53) का स्थान रहा। वर्ष 2024 का दक्षिण-पश्चिम मानसून मौसम आधिकारिक तौर पर सोमवार को समाप्त हो गया, जिसमें भारत में 934.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई – जो दीर्घावधि औसत का 107.6 प्रतिशत और 2020 के बाद से सबसे अधिक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें