Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेठी हत्याकांडः मायावती ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

October 4, 2024

अमेठी हत्याकांडः मायावती ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

लखनऊ। अमेठी में एक दलित शिक्षक समेत परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती ने दुख जताते हुए पुलिसकर्मयिों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। मायावती ने एक्स पर लिखा, ‘यूपी के अमेठी जिले में एक दलित परिवार के चार लोगों की एक साथ की गई निर्मम हत्या की घटना अति-दुखद व चिन्ताजनक। सरकार दोषियों व वहां के पुलिसकर्मयिों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए ताकि अपराधी बेखौफ न रहें।‘

बता दें कि अमेठी जिले के गौरीगंज में एक दलित शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम और दो मासूम बेटियों की देर शाम गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही सुनील कुमार को रायबरेली के ऊंचाहार से अमेठी ट्रांसफर हुआ था। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में लोग घबरा गए। वारदात के बाद स्थानीय लोग सुनील कुमार, उनकी पत्नी और दोनों बच्चियों को सीएचसी सिंहपुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

इस पूरे मामले में देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को रायबरेली में मृतक की पत्नी पूनम का चंदन वर्मा नाम के शख्स संग विवाद हुआ था। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तुरंत संज्ञान ले अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने का आदेश दिया। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, ‘जनपद अमेठी में हुई घटना घोर निंदनीय और अक्षम्य है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उन पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी।‘

वहीं कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी घटना पर अफसोस जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक अगर पुलिस ने परिवार की शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो ऐसा नहीं होता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें