Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Big Breaking : Ratan Tata के बाद Noel Tata बने टाटा ट्रस्‍ट के नए चेयरमैन, जानें कौन हैं ये

October 11, 2024

Big Breaking :  Ratan Tata के बाद Noel Tata बने टाटा ट्रस्‍ट के नए चेयरमैन, जानें कौन हैं ये

मुंबई : नोएल टाटा को शुक्रवार को टाटा संस की प्रवर्तक टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त किया गया। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा के निधन के बाद उत्तराधिकारी चुनने के लिए हुई टाटा ट्रस्ट की बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया। बोर्ड की ओर से सर्वसम्मति से नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन बनाया गया है। नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। फिलहाल वह टाटा स्टील और वोल्टास के साथ कई सूचीबद्ध कंपनियों के बोर्ड में शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहली मिस्त्री को टाटा ट्रस्ट का स्थायी ट्रस्टी नियुक्त किया जा सकता है। मेहली टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत साइरस मिस्त्री के चचेरे भाई हैं।

नोएल टाटा अपने लो-प्रोफाइल नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं, जो रतन टाटा की अधिक सार्वजनिक दिखने वाली भूमिका के बिल्कुल विपरीत है। वे पहली बार वर्ष 2000 में टाटा ग्रुप में शामिल हुए थे। इस साल की शुरुआत में नोएल टाटा के तीन बच्चों – लिआ, माया और नेविल – को सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट से जुड़े कई ट्रस्टों में ट्रस्टी के रूप में नियुक्त किया गया था। लिआ वर्तमान में द इंडियन होटल्स में उपाध्यक्ष हैं। जबकि, माया टाटा कैपिटल से जुड़ी हैं। नेविल ट्रेंट और स्टार बाजार की लीडरशिप टीम में शामिल हैं।

टाटा ट्रस्ट एक प्रमुख निकाय है जो सभी 14 टाटा ट्रस्टों के कार्यों का प्रबंधन करता है। टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की 65.3 प्रतिशत हिस्सेदारी है और यह भारत के सबसे बड़े कारोबारी समूह को मार्गदर्शन देने का काम करता है। टाटा संस का स्वामित्व बड़े पैमाने पर टाटा ट्रस्ट के तहत आने वाले दो प्रमुख ट्रस्टों सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के पास है, जिनके पास कुल मिलाकर टाटा संस में 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। रतन टाटा के निधन पर गुरुवार को शीर्ष राजनीतिक नेताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, मशहूर हस्तियों और आम लोगों सहित हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हम सब लोग जानते हैं कि रतन टाटा ने कोई शादी नहीं की थी। इसलिए उनकी कोई संतान भी नहीं है। रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा, रतन टाटा के पिता नवल टाटा की दूसरी पत्नी सिमोन से जन्मे हैं। परिवार का हिस्सा होने के कारण भी उत्तराधिकारियों में नोएल टाटा का नाम काफी ज्यादा लिया जा रहा है। नोएल टाटा के तीन बच्चे हैं। ये माया टाटा, नेविल टाटा और लिया टाटा हैं। ये भी रतन टाटा की संपत्ति के संभावित उत्तराधिकारियों में शामिल हैं।

क्या करते हैं नोएल टाटा के तीनों बच्चे

जानकारी के अनुसार नोएल टाटा के तीनों बच्चे इस समय टाटा ग्रुप में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। 34 साल की माया टाटा ने टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड और टाटा डिजिटल में अपनी भूमिकाएं निभाई हैं। टाटा न्यू ऐप की लॉन्चिंग में उनका काफी योगदान था। 32 साल के नेविल टाटा ट्रेंट लिमिटेड में प्रमुख हाइपरमार्केट चेन स्टार बाजार को लीड कर रहे हैं। वहीं, 39 साल की लिया टाटा, टाटा ग्रुप के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को देख रही हैं। वे ताज होटल्स रिसॉर्ट्स एंड पैलेसेस को संभाल रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें