Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुछ लोगों को अभी भी खटकता और अटकता है राम मंदिर : CM Mohan Yadav

October 12, 2024

कुछ लोगों को अभी भी खटकता और अटकता है राम मंदिर : CM Mohan Yadav

खरगोन : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा है कि कुछ लोगों को आज भी राम मंदिर अटकता और खटकता है। राम मंदिर के आयोजन को नाच गाना बताने वालों का हरियाणा ने हिसाब चुकता कर दिया। जिले के महेश्वर में आज देवी अहिल्या की 300 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ यादव ने कहा कि पुरानी सरकारों की बाधाओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशलता और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ था। हिंदूू मुसलमान और सभी संप्रदायों ने जय जयकार कर इस फैसले का स्वागत किया और पूरा देश आनंद में डूब गया।

उन्होंने कहा कि दंगा तो छोड़ो एक पत्थर भी कहीं से नहीं चला। यहां तक कि 70 वर्ष तक मुकदमा लड़ने वाले मुस्लिम बंधु भी इस आयोजन का हिस्सा बन भाव विह्वल थे। लेकिन दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी भी कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें मंदिर अटकता और खटकता है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री गांधी का नाम लिए बगैर तंज कसा कि वे वोट मांगने के नाम पर अयोध्या के इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को नाच गाना बताते हैं। उन्होंने कहा जिसकी जैसी दृष्टि वैसी सृष्टि। हरियाणा ने उनका हिसाब चुकता कर दिया। हम हंिदूू मुसलमान को लड़ाने के हर षड्यंत्र को विफल कर देंगे।

डॉ यादव ने प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विश्वास सबका प्रयास नारे को उल्लेखित करते हुए कहा कि देवी अहिल्या माता की तरह प्रधानमंत्री भी हर समाज को साथ में लेकर चल रहे हैं और मुझ जैसे किसान पुत्र को भी मुख्यमंत्री बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार, उनके मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री धन्यवाद के पात्र हैं कि उन्होंने महाराष्ट्र के अहमद नगर जिले को (जहां अहिल्यादेवी पैदा हुई) थी, का नाम बदल कर अहिल्या माता के नाम पर नामकरण किया है। उन्होंने कहा कि अहिल्या माता ने जातिवाद का विरोध कर सभी को गले लगाया और उन्हें जनता के शासन में भागीदारी दिलायी। उन्होंने खेती व रोजगार के अवसर पैदा कर सनातन धर्म की रक्षा की और पूरे भारतवर्ष में मंदिरों और धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराया। उनके पति, बेटे ,पोते और ससुर की मृत्यु के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पूरे साम्राज्य को परिवार की तरह समझ कर सरकार चलाई। यह उनके ही दिमाग की उपज हो सकती थी कि उन्होंने महिलाओं की सेना भी स्थापित की।

उन्होंने कहा कि आज होलकर साम्राज्य की मुकुटमणि अहिल्या माता के 300 वे जयंती वर्ष में दशहरा धन्य हुआ है, महेश्वर में नया सूरज निकला है। उन्होंने कहा कि आज यह महसूस हो रहा है कि साक्षात अहिल्या माता यहां है और हमें आशीर्वाद दे रही हैं। हम उनका नाम लेते हैं, तो रोमांच रहस्य और आनंद में डूब जाते हैं। जिस तरह से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने कार्यों से देश का पूरी दुनिया में मान सम्मान बढ़ाया है , उनका यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने तिथि के अनुसार त्योहार और पर्व मनाये जाने की वकालत की और शुभकामनाओं और मंगल कामनाओं में अंतर भी बताया। उन्होंने कहा कि परिसीमन आयोग का गठन किया गया है और शीघ्र इसकी रिपोर्ट प्राप्त होने पर विभिन्न जिलों की सीमाएं पुनर्गठित की जाएगी। उन्होंने विभिन्न घोषणाएं करते हुए कहा कि यहां अहिल्या लोक का निर्माण किया जाएगा इसके अलावा महाविद्यालय मंडलेश्वर का नाम महर्षि मंडन मिश्र के नाम पर किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने 61 करोड़ के आठ विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने आज महेश्वर के ऐतिहासिक क़लिे में पुण्य श्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विजयादशमी के पावन अवसर पर यहां शस्त्रगार में शस्त्र पूजन किया। नर्मदा तट पर स्थित क़लिे में पहुंचने पर देवी अहिल्या के वंशज श्री यशवंतराव होलकर तृतीय ने उनका परम्परागत रूप से स्वागत किया। डॉ यादव ने शस्त्रगार में विशेष तौर पर उस तलवार का पूजन किया जो उनके शौर्य का प्रतीक है। यह तलवार देवी अहिल्या स्वयं धारण करती थीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देवी अहिल्या पुण्य प्रताप और परोपकार की पर्याय हैं। आज विजयादशमी के अवसर पर उनकी कर्मभूमि पहुँचकर नमन कर स्वयं को कृतार्थ महसूस कर रहा हूँ। इस अवसर पर खरगोन के स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसके पूर्व हेलीपेड महेश्वर में पहुंचने पर उनका क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, कलेक्टर खरगोन कर्मवीर शर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें