Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिर्फ 46 रनों पर ढेर होने पर ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय बल्लेबाजी को किया ट्रोल

October 18, 2024

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिर्फ 46 रनों पर ढेर होने पर ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय बल्लेबाजी को किया ट्रोल

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में टीम इंडिया सिर्फ 46 रनों पर ढेर हो गई। भारतीय टीम के पांच बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके। दिग्गज बल्लेबाजों से सजी टीम के इस लचर प्रदर्शन के बाद उनकी जग हंसाई हो रही है। यहां तक कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी एक रोहित शर्मा एंड कंपनी पर तंज कसा है। न्यूजीलैंड के दो तेज गेंदबाज मैट हेनरी और विलियम ओरूर्के ने मिलकर टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। दोनों ने नौ विकेट लेकर भारत को दूसरे दिन सिर्फ 46 रन पर आउट कर दिया। ऋषभ पंत मेजबान टीम के लिए शीर्ष स्कोरर रहे जिन्होंने 49 गेंदों पर 20 रन बनाए और पांच बल्लेबाजों का खाता भी नहीं खुला।

इसके साथ ही भारत ने घरेलू मैदान पर अपना सबसे कम स्कोर और कुल मिलाकर तीसरा सबसे कम टेस्ट स्कोर दर्ज किया है। इससे पहले भारत का घरेलू मैदान पर सबसे कम स्कोर 75 रन था जो उसने 1987 में नई दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। उनका सबसे कम स्कोर 36 रन था जो उसने 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुलाबी गेंद से खेले गए एडिलेड टेस्ट में बनाया था।

भारत की खराब बल्लेबाजी के लिए आलोचना करते हुए, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2020/21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी श्रृंखला में भारत के 36-ऑल के मुख्य अंश को सोशल मीडिया पर एक कैप्शन के साथ साझा किया, क्या ऑल आउट 46 नया ऑल आउट 36 है?

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी भारत को ट्रोल करते हुए लिखा, भारतीय प्रशंसकों, अच्छे पक्ष को देखिए… कम से कम आप 36 रन से आगे निकल गए…।

बादल छाए रहने की स्थिति में हेनरी ने लाइन और लेंथ पर बेहतरीन नियंत्रण दिखाया और 15 रन देकर 5 विकेट चटकाए और 100 टेस्ट विकेट लेने का कीर्तिमान भी हासिल किया।

भारत में अपना पहला टेस्ट खेल रहे ओरूर्के ने अपनी उछाल और लेंथ गेंद के मिश्रण से शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी ने 1 विकेट लिया।

न्यूजीलैंड की सटीक गेंदबाजी लाइन-अप और उनके फील्डरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को संभलने का मौका नहीं दिया। केवल ऋषभ पंत (20) और यशस्वी जायसवाल (13) ही दोहरे अंक तक पहुंचे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें