Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

बदमाशों ने पहले कार को किया पंचर, फिर प्रिंसिपल की ताबड़तोड़ फायरिंग…मौके पर ही हुई मौत

October 21, 2024

बदमाशों ने पहले कार को किया पंचर, फिर प्रिंसिपल की ताबड़तोड़ फायरिंग…मौके पर ही हुई मौत

भदोही : उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के नेशनल इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल की सोमवार सुबह स्कूल जाते समय बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के अमिलोरी गांव निवासी योगेंद्र बहादुर सिंह (58) भदोही नेशनल इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल हैं। वह आज सुबह घर से विद्यालय के लिए कार से निकले थे। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बसावनपुर नलकूप के पास जैसे ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर उनकी कार को पंचर कर दिया और प्रिंसिपल के सीने में मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी फॉरेंसिक व डाग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले की जांच पड़ताल चल रही है। बताया जाता है कि प्रिंसिपल की कार बसावनपुर नलकूप के पास पहुंचते ही बदमाशों ने गाड़ी को रोकने का संकेत दिया। गाड़ी जैसे ही धीमी हुई कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर गाड़ी को पंचर करने के बाद दूसरी गोली प्रिंसिपल के सीने में मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हालांकि गाड़ी चला रहे चालक को खरोंच तक नहीं आई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन में प्रिंसिपल को भदोही के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि नेशनल इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ अनुराग मिश्र के स्थानांतरण के बाद योगेंद्र बहादुर सिंह को अस्थाई रूप से प्रिंसिपल का चार्ज दिया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें