Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Lawrence Bishnoi : लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई काे अमेरिका से वापस लाने के लिए प्रक्रिया शुरू, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

November 2, 2024

Lawrence Bishnoi : लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई काे अमेरिका से वापस लाने के लिए प्रक्रिया शुरू, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

Lawrence Bishnoi : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले में वांछित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) अदालत ने अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है, साथ ही विदेश में उसकी तलाश के लिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कर दिया है।

मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने कहा, कि “औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कुछ अदालती दस्तावेजों का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा।” रेड कॉर्नर नोटिस इंटरपोल के सदस्य देश द्वारा वांछित अपराधी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए किया गया अनुरोध होता है। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि वारंट के अलावा पुलिस को प्रत्यर्पण प्रक्रिया को औपचारिक रूप देने के लिए अदालती दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियों की भी जरूरत है।

उन्होंने बताया, कि “विशेष मकोका अदालत ने 16 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच के उनके आवेदन को मंजूरी दे दी और पुलिस को जल्द ही दस्तावेज मिलने की उम्मीद है। आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण के लिए केंद्र सरकार को आवेदन भेजा है।” इससे पहले 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के लिए 10 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी।

अनमोल पर 2022 में दर्ज दो एनआईए मामलों में आरोप लगाए गए हैं। अनमोल इस साल की शुरुआत में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में भी वांछित है। अधिकारी अनमोल बिश्नोई के ठिकाने के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति से आगे आने का आग्रह कर रहे हैं। वह विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है और उसे संगठित अपराध में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति माना जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें